उपचुनाव: CPI(M) ने TVK पर मतदाताओं को नकदी बांटने का लगाया आरोप

तमिलनाडु में मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी ने आरोप लगाया है कि सत्तारूढ़ तमिलगा वेत्री कषगम आगामी विधानसभा उपचुनावों में वोटरों को प्रभावित करने के लिए नकदी बांट रही है। पार्टी की राज्य इकाई के सचिव पी. षणमुगम ने निर्वाचन अधिकारियों से इस पर तुरंत रोक लगाने की मांग की है। उन्होंने बताया कि मदुरांतकम के कई गांवों में मतदाताओं ने टीवीके द्वारा सबसे ज्यादा पैसे दिए जाने की बात कही है।
चेन्नई, एक अक्टूबर तमिलनाडु में तमिलगा वेत्री कषगम (टीवीके) सरकार को बाहर से समर्थन दे रही मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) ने बृहस्पतिवार को आरोप लगाया कि सत्तारूढ़ दल छह अक्टूबर को होने वाले उपचुनाव में मतदाताओं को प्रभावित करने के लिए पैसे बांट रहा है। उपचुनाव मदुरांतकम और धारापुरम विधानसभा क्षेत्रों में होने हैं। माकपा की तमिलनाडु इकाई के सचिव पी. षणमुगम ने यहां संवाददाताओं से बातचीत में निर्वाचन अधिकारियों से मतदाताओं को प्रलोभन देने की कोशिशों पर रोक लगाने के लिए कार्रवाई करने की मांग की।
उन्होंने उन राजनीतिक दलों के नेताओं से भी स्पष्टीकरण मांगा, जिन पर ‘‘उपचुनाव में मतदाताओं को’’ पैसे देने का आरोप है। षणमुगम ने कहा कि उन्होंने 30 सितंबर को मदुरांतकम विधानसभा क्षेत्र के कई गांवों का दौरा किया था। उन्होंने, ‘‘कुछ गांवों में लोगों ने हमसे कहा कि अन्य पार्टियां पैसे दे रही हैं, जबकि माकपा केवल पर्चे बांट रही है।
मैंने उनसे पूछा कि कौन-कौन सी पार्टियां पैसे दे रही हैं। मतदाताओं ने कहा कि टीवीके ने सबसे ज्यादा पैसे दिए हैं।
अन्य न्यूज़















