Cyclone Arnab: झारखंड के कई जिलों में भारी बारिश, 29 अक्टूबर तक स्कूल बंद

Prabhasakshi Image
Prabhasakshi

आंध्र प्रदेश तट से टकराए चक्रवाती तूफान के असर से झारखंड में तेज हवाओं के साथ बारिश जारी है। रांची, सिमडेगा, पूर्वी और पश्चिमी सिंहभूम में प्रशासन ने विद्यार्थियों की सुरक्षा को देखते हुए कक्षा 12वीं तक के सभी स्कूल दो दिन बंद रखने का फैसला किया है। मौसम विभाग ने बृहस्पतिवार तक राज्य में चक्रवात का मुख्य प्रभाव बने रहने का अनुमान जताया है।

झारखंड सरकार ने चक्रवात ‘अर्नब’ के कारण हुई बारिश के मद्देनजर कई जिलों में 29 अक्टूबर तक स्कूल बंद रखने का आदेश दिया है। यह चक्रवात बुधवार को आंध्र प्रदेश के तट से गुजरा। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

रांची, पश्चिमी सिंहभूम, पूर्वी सिंहभूम और सिमडेगा जिला प्रशासन ने कहा कि बुधवार और बृहस्पतिवार को स्कूल बंद रहेंगे। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने बताया कि चक्रवाती तूफान आंध्र प्रदेश के बापटला और विशाखापत्तनम के बीच तट से टकराया। इस दौरान हवा की गति 125 से 135 किलोमीटर प्रति घंटे थी जो 150 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच रही थी।

आईएमडी के अनुसार, तट से टकराने की प्रक्रिया रात एक बजकर 20 मिनट के आसपास शुरू हुई। आईएमडी ने बताया कि चक्रवात के प्रभाव से रांची, पश्चिमी सिंहभूम और पूर्वी सिंहभूम जैसे जिलों में मंगलवार रात से रुक-रुक कर बारिश हो रही है। एक आधिकारिक बयान में कहा गया, ‘‘रांची जिले के सभी सरकारी, सरकारी सहायता प्राप्त और निजी स्कूलों में 28 और 29 अक्टूबर को केजी से 12वीं कक्षा तक की शैक्षणिक गतिविधियां निलंबित रहेंगी।’’ रांची मौसम विज्ञान केंद्र के उप निदेशक अभिषेक आनंद ने कहा कि मंगलवार रात से राज्य के कई जिलों में हल्की बारिश हो रही है।

उन्होंने कहा, ‘‘चक्रवात का मुख्य प्रभाव झारखंड में बुधवार दोपहर से बृहस्पतिवार के बीच दिखाई देगा।’’

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़