Dekh Dilli Ka Haal: कस्तूरबा नगर से कांग्रेस उम्मीदवार अभिषेक दत्त को जीत का भरोसा, AAP और BJP पर साधा निशाना

कस्तूरबा नगर विधानसभा क्षेत्र में कांग्रेस उम्मीदवार अभिषेक दत्त ने बताया कि उन्होंने कस्तूरबा नगर में विधायक ना रहते हुए भी कई विकास के कार्य करवाए हैं। उनके मुताबिक, इस बार के चुनाव में जनता अरविंद केजरीवाल को सबक सिखाने का मन बना चुकी है। उन्होंने कहा कि केजरीवाल केवल स्वार्थ की राजनीति करते हैं।
आगामी 5 फरवरी को राजधानी दिल्ली में होने वाले विधानसभा चुनाव में अब महज कुछ ही दिन शेष बचे हैं। जिसको लेकर प्रभासाक्षी की टीम पूरे दिल्ली का भ्रमण करके राज्य के चुनावी माहौल को समझने की कोशिश कर रही है। इस दौरान हमारी टीम ने कस्तूरबा नगर विधानसभा क्षेत्र में कांग्रेस के टिकट पर चुनाव लड़ रहे अभिषेक दत्त से बात की।
बातचीत के दौरान कांग्रेस उम्मीदवार अभिषेक दत्त ने बताया कि उन्होंने कस्तूरबा नगर में विधायक ना रहते हुए भी कई विकास के कार्य करवाए हैं। उनके मुताबिक, इस बार के चुनाव में जनता अरविंद केजरीवाल को सबक सिखाने का मन बना चुकी है। आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल को लेकर उन्होंने कहा कि वे केवल स्वार्थ की राजनीति करते हैं। इसलिए उनका झुकाव कांग्रेस और भारतीय जनता पार्टी दोनों की तरफ रहता है।
विकास के मुद्दे पर बीजेपी और आप को घेरते हुए दत्त ने बताया कि पिछले 10 साल से यहां विकास का कोई भी कार्य नहीं हुआ है। अपने कामों को गिनते हुए कांग्रेस नेता ने बताया कि उन्होंने पार्षद रहते हुए दो बार सर्वश्रेष्ठ पार्षद का खिताब अपने नाम किया है। इसके साथ ही वे लोगों के साथ रोड से लेकर कोर्ट तक रहे हैं। इसीलिए लोगों की आवाज उठाने के कारण उनके ऊपर कई फर्जी मुकदमे भी लगाए गए हैं।
कस्तूरबा नगर सीट से कांग्रेस उम्मीदवार अभिषेक दत्त ने आगे बताया कि दिल्ली में कांग्रेस की सरकार बनने पर राजस्थान की पूर्ववर्ती गहलोत सरकार की तरह मेडिकल सुविधा और वर्तमान कर्नाटक की सरकार की तरह बहनों को सम्मान निधि निश्चित रूप से देगी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की शीला दीक्षित सरकार ने दिल्ली में काम करके दिखाया था। जिसके कारण लोगों का भरोसा उनकी पार्टी के साथ इस चुनाव में रहने वाला है। केजरीवाल पर हमला जारी रखते हुए उन्होंने आरोप लगाया कि दिल्ली के पूर्व सीएम ने सरकारी पैसों से शीश महल का निर्माण किया है। तो वहीं, राज्य की जनता प्रदूषित हवा और खराब पानी को लेकर परेशान है।
अन्य न्यूज़