Seva Sankalp Abhiyan: दिल्ली में 13800 करोड़ रुपये की परियोजनाओं की होगी शुरुआत

Prabhasakshi Image
Prabhasakshi

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के 25 वर्षों के सार्वजनिक सेवा कार्यकाल के उपलक्ष्य में 17 सितंबर से महीने भर का सेवा संकल्प अभियान चलाया जाएगा। इसके तहत यमुना कायाकल्प के लिए 8,000 करोड़ रुपये की परियोजनाओं सहित कई विकास कार्यों की शुरुआत होगी। साथ ही अंगदान को बढ़ावा देने के लिए एक विशेष आधिकारिक मंच भी लॉन्च किया जाएगा।

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने सोमवार को कहा कि दिल्ली सरकार प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के लोक सेवा में 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर सेवा संकल्प अभियान के तहत यमुना की सफाई के लिए 8,000 करोड़ रुपये की परियोजनाओं का उद्घाटन एवं शिलान्यास करेगी और अंगदान के लिए एक आधिकारिक मंच भी शुरू करेगी। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की प्रदेश इकाई के अध्यक्ष अध्यक्ष हर्ष मल्होत्रा के साथ संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए गुप्ता ने कहा कि महीने भर चलने वाला यह अभियान प्रधानमंत्री मोदी के जन्मदिन 17 सितंबर को शुरू होकर 17 अक्टूबर तक चलेगा और इस दौरान 13,800 करोड़ रुपये की परियोजनाओं एवं योजनाओं का या तो उद्घाटन किया जाएगा या उनका शिलान्यास किया जाएगा। उन्होंने बताया कि दिल्ली सरकार 17 सितंबर को एक बड़े रक्तदान शिविर का आयोजन करेगी, जिसमें 2,500 यूनिट रक्त एकत्र किया जाएगा।

अभियान के तहत प्रस्तावित पहल की घोषणा करते हुए गुप्ता ने कहा, यमुना हमारे लिए आस्था का विषय है। यमुना की सफाई एक दिन की परियोजना नहीं है। मुख्यमंत्री ने कहा कि दिल्ली जल बोर्ड (डीजेबी) की 8,000 करोड़ रुपये की परियोजना का उद्देश्य शहर में पानी और बुनियादी ढांचे में सुधार के माध्यम से यमुना का कायाकल्प करना है।

उन्होंने बताया कि सरकार कई अन्य विभागों के तहत भी परियोजनाएं शुरू करेगी, जिनका इस अभियान के दौरान उद्घाटन या शिलान्यास किया जाएगा। गुप्ता ने कहा कि इनमें सिंचाई एवं बाढ़ नियंत्रण विभाग की 265 करोड़ रुपये, लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) की 2,800 करोड़ रुपये और बिजली विभाग की 1,500 करोड़ रुपये से अधिक की परियोजनाएं शामिल हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि महीने भर चलने वाले इस अभियान के दौरान विभिन्न विभागों द्वारा कुल 13,800 करोड़ रुपये की परियोजनाओं का लोकार्पण किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के लोक सेवा के 25 वर्ष सभी के लिए प्रेरणा और गर्व का विषय हैं। गुप्ता ने रेखांकित किया कि प्रधानमंत्री के तौर पर उनके 12 वर्षों के कार्यकाल के दौरान शहर में 1.25 लाख करोड़ रुपये के बुनियादी ढांचे के कार्यों की बदौलत दिल्ली ने ब्रिक्स शिखर सम्मेलन की सफलतापूर्वक मेजबानी की। दिल्ली सरकार बुजुर्गों और श्रमिकों के लिए पूरे शहर में स्वास्थ्य जांच शिविर भी आयोजित करेगी।

सेवा संकल्प अभियान के दौरान राष्ट्रीय अंग और ऊतक प्रत्यारोपण संगठन (एनओटीटीओ) की तर्ज पर अंगदान के लिए एक आधिकारिक मंच की शुरुआत की जाएगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य अंग और ऊतक प्रत्यारोपण संगठन (एसओटीटीओ) अंगदान को बढ़ावा देगा। वृक्षारोपण और मेरे सपनों का भारत प्रतियोगिताएं इन कार्यक्रमों का हिस्सा होंगी।

गुप्ता ने कहा कि 5,000 से अधिक स्कूल और शैक्षणिक संस्थान इसमें भाग लेंगे और चित्रों, ‘रील्स’, भाषणों तथा अन्य माध्यमों से विकसित भारत को लेकर अपने विचारों को व्यक्त करेंगे। मुख्यमंत्री ने बताया कि सेवा संकल्प अभियान के तहत अन्य कार्यक्रमों में आंगनवाड़ी और आशा कार्यकर्ताओं का सम्मान, तथा दिल्ली सरकार और केंद्र सरकार की विभिन्न योजनाओं के तहत लोगों के पंजीकरण के लिए शिविर शामिल होंगे। उन्होंने कहा कि आशीर्वाद का दिया कार्यक्रम के तहत सरकार की योजनाओं के लाभार्थी अपने घरों में दीपक जलाएंगे और मोदी के लिए आशीर्वाद मांगेगे।

मल्होत्रा ने कहा कि दिल्ली भाजपा अभियान के तहत पूरे शहर में कार्यक्रमों का आयोजन करेगी। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार के तहत वर्षों से अटकी योजनाएं अब लागू हो गई हैं और देश बढ़ते निर्यात तथा बेहतर ग्रामीण सड़क संपर्क के साथ प्रगति कर रहा है।

All the updates here:

अन्य न्यूज़