Delhi Police ने Uttam Nagar हत्या मामले में भगोड़े सोहेल को किया गिरफ्तार

Prabhasakshi Image
Prabhasakshi

दिल्ली पुलिस की अपराध शाखा ने पालम फ्लाईओवर के पास जाल बिछाकर उत्तम नगर निवासी 23 वर्षीय सोहेल को गिरफ्तार किया है। द्वारका अदालत द्वारा भगोड़ा घोषित आरोपी होली के दिन तरुण नामक युवक की लोहे की छड़ों से हमला कर हत्या करने के मामले में वांछित था। पुलिस के अनुसार आरोपी नेपाल भागने की फिराक में दिल्ली आया था, जिसे अब गिरफ्तार कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

दिल्ली पुलिस की अपराध शाखा ने उत्तम नगर में तरुण हत्या मामले में भगोड़े 23 वर्षीय आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी। पुलिस के अनुसार, आरोपी की पहचान उत्तम नगर में जेजे कॉलोनी निवासी सोहेल के रूप में हुई है, जिसे द्वारका अदालत ने 31 जुलाई को भगोड़ा घोषित किया था।

पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने आठ अगस्त को पालम फ्लाईओवर के पास जाल बिछाया और आरोपी को उस समय पकड़ लिया, जब वह दिल्ली से भागने की कोशिश कर रहा था। उन्होंने बताया कि पूछताछ के दौरान आरोपी सोहेल ने बताया कि उसके परिवार और तरुण के परिवार के बीच पुरानी रंजिश थी और इस साल होली पर चार मार्च को जेजे कॉलोनी इलाके में हुए विवाद के बाद आरोपी और उसके साथियों ने लाठी, डंडों और लोहे की छड़ों से तरुण और अन्य लोगों पर कथित रूप से हमला कर दिया था, जिसमें गंभीर रूप से घायल तरुण की मौत हो गई थी। पुलिस के मुताबिक, तरुण की मौत के बारे में पता चलने के बाद आरोपी गिरफ्तारी से बचने के लिए जयपुर सहित विभिन्न स्थानों पर छिपता रहा।

पुलिस के मुताबिक, वह अपने परिवार से मिलने दिल्ली वापस आया था और नेपाल भागने की फिराक में था। पुलिस के मुताबिक, आरोपी दिल्ली विश्वविद्यालय से बीए प्रथम वर्ष की पढ़ाई कर रहा है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

All the updates here:

अन्य न्यूज़