Delhi Police ने 75 लाख की धोखाधड़ी के मामले में 50 हजार का इनामी Sarmad Ali पकड़ा

दिल्ली पुलिस ने फर्जी दस्तावेजों के सहारे संपत्ति बेचकर करीब 75 लाख रुपये की ठगी करने वाले भगोड़े आरोपी को सहारनपुर से गिरफ्तार कर लिया है। हरिद्वार निवासी इस आरोपी पर 50 हजार रुपये का इनाम घोषित था। अदालत में पेशी के बाद उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
दिल्ली पुलिस ने फर्जी दस्तावेजों के आधार संपत्ति बेचने के मामले में 50 हजार रुपये के इनामी आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। एक अधिकारी ने सोमवार को यह जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि आरोपी की पहचान उत्तराखंड में हरिद्वार निवासी 37 वर्षीय सरमद अली के तौर पर हुई है।
अधिकारी ने बताया कि उसे सुभाष प्लेस थाने में दर्ज धोखाधड़ी के एक मामले में भगोड़ा अपराधी घोषित किया गया था और उसकी गिरफ्तारी पर 50,000 रुपये का इनाम घोषित था। पुलिस के अनुसार, यह मामला धोखाधड़ी और आपराधिक विश्वासघात से संबंधित है, जिसमें शिकायतकर्ता को संपत्ति के फर्जी दस्तावेजों के आधार पर लगभग 75 लाख रुपये देने के लिए प्रेरित किया गया था। पुलिस ने कहा कि जांच के दौरान, लेन-देन में अली की भूमिका सामने आई, जिसके बाद वह फरार हो गया और गिरफ्तारी से बचने के लिए बार-बार अपने स्थान और पेशे बदलता रहा।
पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि अदालत ने उसे 12 नवंबर, 2025 को भगोड़ा अपराधी घोषित कर दिया था। पुलिस को छह सितंबर को उसके उत्तराखंड के रूड़की इलाके में मौजूद होने की सूचना मिली। पुलिस ने कहा कि सूचना को सत्यापित करने के बाद एक अंतरराज्यीय अभियान शुरू किया गया।
अधिकारी ने बताया कि टीम ने रूड़की, हरिद्वार और उत्तर प्रदेश के सहारनपुर व मेरठ में अली की तलाश की तथा आठ सितंबर को सहारनपुर से पकड़ लिया। पुलिस ने कहा कि आगे के सत्यापन से मध्य प्रदेश और उत्तराखंड में दर्ज दो अन्य मामलों में उसकी कथित संलिप्तता का पता चला। पुलिस ने कहा कि उसे संबंधित अदालत में पेश किया गया और न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
अन्य न्यूज़













