Delhi के Kanjhawala में श्मशान घाट के पास मिला नवजात का सिर कटा शव, जांच शुरू

Prabhasakshi Image
Prabhasakshi

दिल्ली के मुबारकपुर डबास इलाके में श्मशान घाट के पास सोमवार को दो से तीन महीने के नवजात शिशु का सिर कटा शव बरामद किया गया। पुलिस ने इलाके की घेराबंदी कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और कटे हुए सिर की तलाश के लिए कई टीमें बनाई हैं।

दिल्ली के कंझावला इलाके में सोमवार को एक श्मशाम घाट के पास से नवजात शिशु का सिर कटा शव मिला। पुलिस ने यह जानकारी दी। नवजात शिशु का सिर कटा शव मिलने के बाद स्थानीय लोगों ने हैरानी जताई और अपने बच्चों की सुरक्षा को लेकर चिंता व्यक्त की।

उन्होंने पुलिस से त्वरित कार्रवाई करने और मामले को सुलझाने का आग्रह किया। एक निवासी ने बताया कि ऐसा लगता है कि शव को जानबूझकर श्मशान घाट के पास रखा गया। पुलिस ने कहा कि उसने मौत की परिस्थितियों, शव को मौके पर कैसे लाया गया और इसे वहां किसने छोड़ा, इन बातों का पता लगाने के लिए जांच शुरू कर दी है।

पुलिस ने बताया कि मुबारकपुर डबास में श्मशान घाट के छोटे द्वार के पास शव मिला। स्थानीय लोगों ने कहा कि उस स्थान पर शिशु का शव मिलने के बाद उन्होंने उसे कपड़े से ढक दिया और पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर इलाके की घेराबंदी कर दी।

पुलिस के अनुसार, शिशु की उम्र लगभग दो से तीन महीने रही होगी। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने कहा, हमने एक शिशु का सिर कटा शव बरामद किया है।

चूंकि शव श्मशान घाट के पास मिला है, इसलिए हम रिकॉर्ड की जांच भी कर रहे हैं और वहां के पुजारी से पूछताछ कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि मामले की जांच और गायब सिर की तलाश के लिए पुलिस की कई टीम गठित की गई हैं। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए रोहिणी जिले के पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) और अतिरिक्त डीसीपी समेत वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने घटनास्थल का दौरा किया।

पुलिस ने बताया कि मामले की की जांच जारी है।

All the updates here:

अन्य न्यूज़