Delhi Police ने Burari में सूटकेस से बरामद किया नाबालिग का शव, आरोपी भाई गिरफ्तार

Prabhasakshi Image
Prabhasakshi

राष्ट्रीय राजधानी के बुराड़ी इलाके में पुलिस ने एक सूटकेस से 17 वर्षीय लड़की का शव बरामद कर उसके चचेरे भाई को पकड़ा है। आरोपी ने पारिवारिक विवाद के चलते अपनी बहन की हत्या करने और शव को सुनसान जगह पर फेंकने का अपराध स्वीकार किया है। बाहरी उत्तरी दिल्ली पुलिस के विशेष दस्ते ने गुप्त सूचना मिलने के बाद यह कार्रवाई की।

राष्ट्रीय राजधानी में पारिवारिक विवाद के चलते 17 वर्षीय लड़की की उसके चचेरे भाई ने कथित तौर पर हत्या कर दी और उसके शव को एक सूटकेस में पैक करके बुराड़ी में एक सुनसान जगह पर फेंक दिया। पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी। बाहरी उत्तरी दिल्ली के पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) शोभित डी. सक्सेना ने कहा कि हत्या का खुलासा तब हुआ जब जिला पुलिस के ‘स्पेशल स्टाफ’ को हत्या के बारे में गुप्त सूचना मिली, जिसके बाद एक टीम ने आरोपी को पकड़ा।

उसने बाद में अपराध कबूल कर लिया और पुलिस को उस स्थान पर ले गया जहां उसने शव को ठिकाने लगाया था। डीसीपी ने बताया कि राजमिस्त्री का काम करने वाला आरोपी बिहार से ताल्लुक रखता है और दिल्ली के मुकुंदपुर में रहता है। उन्होंने कहा, हमारी टीम को गुप्त सूचना मिली कि एक व्यक्ति संदिग्ध तरीके से सूटकेस लेकर बुराड़ी की ओर जा रहा है।

टीम ने संदिग्ध को पूछताछ के लिए बुलाया और उसने कबूल किया कि उसने अपनी 17 वर्षीय चचेरी बहन की हत्या कर दी है और उसके शव को सूटकेस में पैक किया तथा सूटकेस को बुराड़ी इलाके में एक सुनसान जगह पर फेंक दिया। उसके खुलासे के बाद पुलिस बुराड़ी के अजीत विहार पहुंची और उस सूटकेस को बरामद किया जिसमें लड़की का शव था। डीसीपी ने कहा कि मामला उत्तरी जिला पुलिस के संज्ञान में भी लाया गया।

सक्सेना के मुताबिक, पूछताछ के दौरान आरोपी ने पुलिस को बताया कि उसने पारिवारिक विवाद के कारण लड़की की हत्या कर दी। हालांकि, पुलिस सूत्रों ने कहा कि प्रारंभिक जांच में इस बात की भी छानबीन की जा रही है कि क्या लड़की के किसी के साथ प्रेम संबंध के शक में उसकी हत्या की गई है। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, हत्या की सूचना पहले नहीं दी गई थी और गुप्त सूचना मिलने के बाद ही पुलिस को इसकी जानकारी हुई।

शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है और उम्मीद है कि रिपोर्ट से पुलिस को मौत के कारण और तरीके का पता लगाने में मदद मिलेगी। बुराड़ी पुलिस को सूचित कर दिया गया है और आगे की जांच की जा रही है।

All the updates here:

अन्य न्यूज़