Delhi में बारिश के दौरान नाले में गिरा व्यक्ति, NDRF का सर्च ऑपरेशन जारी

Delhi Rain
AI Image

दक्षिण-पश्चिमी दिल्ली के बिजवासन क्षेत्र में बृहस्पतिवार को भारी बारिश के कारण जलभराव के बीच एक व्यक्ति नाले में बह गया। दिल्ली अग्निशमन सेवा और राष्ट्रीय आपदा मोचन बल की टीमों ने कई घंटों तक व्यापक तलाशी ली, लेकिन कम दृश्यता के कारण रात में बचाव अभियान स्थगित करना पड़ा। इसी दौरान उत्तरी दिल्ली में नाले में गिरे तीन स्कूली बच्चों को स्थानीय निवासियों ने सकुशल बचा लिया।

नयी दिल्ली, छह अगस्त दक्षिण-पश्चिमी दिल्ली के बिजवासन इलाके में बृहस्पतिवार को जलभराव के बीच सड़क किनारे नाले में गिरने से एक व्यक्ति की मौत होने की आशंका है। अधिकारियों ने बताया कि कई घंटों की तलाश के बावजूद बचाव दल उसे ढूंढने में नाकाम रहे। वहीं, एक अन्य घटना में, उत्तरी दिल्ली के जगतपुर गांव में गली में जमा हुए बारिश के पानी के कारण एक खुले नाले में तीन स्कूली बच्चे गिर गए।

हालांकि वे घटना में बच गए। अग्निशमन विभाग के अधिकारियों के अनुसार, बच्चे स्कूल से पैदल घर लौट रहे थे और गली में पानी भरा था तथा वे गलती से उफनते नाले में चले गए। स्थानीय लोग तुरंत उनकी मदद के लिए दौड़े और तीनों बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।

घटना की सीसीटीवी फुटेज में बच्चों का एक समूह जलभराव वाली सड़क से गुजरता दिखाई दिया, जिसमें से तीन बच्चे अचानक खुले नाले में गिर गए, जिसके बाद राहगीरों ने उन्हें बचा लिया। दिल्ली अग्निशमन सेवा (डीएफएस) के अनुसार, भारी बारिश के बीच बिजवासन के पास बागडोला गांव के नजदीक एक व्यक्ति के नाले में गिरने की सूचना दोपहर 12.20 बजे मिली। अधिकारियों ने बताया कि दोपहर 12.21 बजे दमकल की एक गाड़ी भेजी गई और राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ) की एक टीम भी तलाशी अभियान में शामिल हुई।

अग्निशमन विभाग के एक अधिकारी ने ‘पीटीआई-भाषा’ से कहा, दमकल की एक गाड़ी और एनडीआरएफ की टीम ने व्यापक तलाशी ली, लेकिन व्यक्ति का पता नहीं चल सका। यह बहुत बड़ा नाला है। अधिकारी ने कहा कि शव अब तक बरामद नहीं हुआ है, और नाला एक बड़े नाले से जुड़ता है, जो अंततः एक नहर में जाकर मिलता है।

उन्होंने बताया कि उपमंडल मजिस्ट्रेट (एसडीएम) की उचित अनुमति से अंधेरा होने के बाद बचाव अभियान स्थगित कर दिया गया क्योंकि कम दृश्यता के कारण तलाश में बाधा आ रही थी। उन्होंने कहा कि टीम शुक्रवार को अभियान फिर से शुरू करेंगी। राजधानी के कई हिस्सों में बृहस्पतिवार को भारी बारिश हुई, जिससे व्यापक जलभराव हो गया और नाले उफान पर आ गए।

दिल्ली के पूर्व उपमहापौर प्रवीण राणा द्वारा जारी एक कथित वीडियो में दावा किया गया कि व्यक्ति दोपहर करीब 12 बजे द्वारका एक्सप्रेसवे पर बामनोली बस स्टैंड के पास फुटपाथ पर चलते समय नाले में गिर गया। राणा ने दावा किया, एक स्थानीय निवासी ने घटना देखी और पैर पकड़कर व्यक्ति को बाहर निकालने की कोशिश की लेकिन उसे बचा नहीं सका।

All the updates here:

अन्य न्यूज़