चुनाव जीतने में नाकाम Opposition अब देश में Regime Change चाहता है, Devendra Fadnavis का तीखा हमला

महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने विपक्ष पर लोकतांत्रिक प्रक्रिया से हटकर केंद्र सरकार को गिराने की साजिश का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) का विरोध असल में सत्ता परिवर्तन की चाल है। प्रशांत भूषण और नेहा बोरा की टिप्पणियों का हवाला देते हुए भाजपा ने विपक्ष को घेरा।
महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने 17 अक्टूबर को विपक्ष की आलोचना करते हुए कहा कि वे लोकतांत्रिक प्रक्रिया से हटकर केंद्र सरकार को "गिराने" की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची के 'विशेष गहन पुनरीक्षण' (SIR) का विरोध करना असल में सत्ता परिवर्तन की एक चाल है। 'X' पर एक पोस्ट में फडणवीस ने लिखा कि चूंकि लोकतांत्रिक तरीके से पात्र मतदाताओं के वोट पाकर उनके जीतने की कोई दूर-दूर तक संभावना नहीं है, इसलिए आखिरकार 'सच' सामने आ ही गया। देश में अराजकता फैलाकर सत्ता हथियाने की उनकी साजिश का पर्दाफाश हो गया है!
इसे भी पढ़ें: Deputy CM Brajesh Pathak बोले, सत्ता की भूख के चलते Congress में मची है आंतरिक कलह
SIR पर विपक्ष के रुख पर सवाल उठाते हुए उन्होंने कहा कि वे ‘SIR’ का विरोध क्यों कर रहे हैं? क्योंकि वे ‘सत्ता परिवर्तन’ (regime change) चाहते हैं। चूंकि चुनावों के जरिए उनके सत्ता में आने का कोई मौका नहीं है, इसलिए वे ‘सत्ता परिवर्तन’ की बात कर रहे हैं! वे सरकार को गिराना चाहते हैं—लेकिन लोकतांत्रिक तरीकों से नहीं! ‘SIR’ का विरोध तो बस एक बहाना है; असल विरोध तो लोकतंत्र के खिलाफ है।
फडणवीस ने आरोप लगाया कि SIR के खिलाफ विपक्ष का अभियान असल में लोकतंत्र के खिलाफ एक अभियान है। उन्होंने कहा कि असली विरोध आपके और मेरे वोट के खिलाफ है—यानी उन नागरिकों के वोट के खिलाफ, जिन्हें वोट देने का अधिकार है।” उन्होंने जनता से अपील की कि वे लोकतंत्र का समर्थन करने वालों और ‘सत्ता परिवर्तन’ की वकालत करने वालों में से किसी एक को चुनें। उन्होंने कहा, “अब हमें तय करना होगा: क्या हमें लोकतंत्र चाहिए, या फिर वे लोग चाहिए जो ‘सत्ता परिवर्तन’ की बात करते हैं? लोकतंत्र को बचाने के लिए ‘SIR’ का कोई विकल्प नहीं है!
इसे भी पढ़ें: NSG Raising Day: आतंकवाद के खिलाफ तत्परता गर्व जगाती है, PM Modi और नेताओं ने किया नमन
ये टिप्पणियां उस विवाद के बाद आईं, जब वरिष्ठ वकील प्रशांत भूषण ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ हो रहे आंदोलन को सत्ता परिवर्तन की लड़ाई (फाइट फॉर रेजीम चेंज) बताया, जबकि ऑल इंडिया स्टूडेंट्स एसोसिएशन की अध्यक्ष नेहा बोरा ने बांग्लादेश के 'जेन जेड' (Gen Z) आंदोलन का जिक्र किया। भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने इन बयानों को चुनावी तरीकों से इतर मोदी सरकार को गिराने की कोशिशों का सबूत माना, लेकिन विपक्ष ने इस आरोप को खारिज कर दिया। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री पी. चिदंबरम ने सत्ता परिवर्तन (रेजीम चेंज) शब्द के इस्तेमाल का बचाव करते हुए इसे लोकतंत्र में सामान्य बताया।
अन्य न्यूज़













