Durga Puja पास विवाद: ED ने बंगाल के पूर्व मंत्री Indranil Sen से की 10 घंटे पूछताछ

Durga Puja पास विवाद: ED ने बंगाल के पूर्व मंत्री Indranil Sen से की 10 घंटे पूछताछ
प्रतिरूप फोटो
AI-Generated

प्रवर्तन निदेशालय ने कोलकाता में दुर्गा पूजा कार्यक्रमों के पास की बिक्री में कथित वित्तीय गड़बड़ी को लेकर तृणमूल कांग्रेस के पूर्व मंत्री से लंबी पूछताछ की। एजेंसी ने एक दिन पहले ही इस मामले में 15 ठिकानों पर तलाशी अभियान चलाया था।

प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने दुर्गा पूजा के पूर्वावलोकन शो के आयोजन और पास की बिक्री में कथित वित्तीय अनियमितताओं से जुड़े मामले में पश्चिम बंगाल के पूर्व मंत्री इंद्रनील सेन से बुधवार को कोलकाता में लगभग 10 घंटे तक पूछताछ की। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी। ईडी ने इस मामले की जांच के तहत मंगलवार को सेन और अन्य लोगों से जुड़े 15 ठिकानों पर तलाशी ली थी।

राज्य की पिछली तृणमूल कांग्रेस सरकार में मंत्री रहे सेन सुबह करीब 10:45 बजे कोलकाता के सीजीओ कॉम्प्लेक्स स्थित ईडी कार्यालय पहुंचे। ईडी के एक अधिकारी ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया, “हमारे अधिकारियों ने दुर्गा पूजा कार्यक्रमों के टिकट बहुत ज्यादा कीमतों पर बेचे जाने के आरोपों की जांच के तहत सेन से लगभग 10 घंटे तक पूछताछ की। हमें कुछ सवालों के सही जवाब नहीं मिले।” उन्होंने कहा, “हम लेन-देन की पूरी शृंखला की जांच कर रहे हैं, जिसमें राशि इकट्ठी करना और उसे एक जगह से दूसरी जगह भेजना शामिल है।

हम मामले से जुड़े लोगों की भूमिका की भी पड़ताल कर रहे हैं।” ईडी कार्यालय से बाहर निकलने के बाद सेन ने संवाददाताओं के सवालों के जवाब नहीं दिए। यह मामला जून में कोलकाता पुलिस में दर्ज एक शिकायत के बाद सामने आया था। शिकायत में सेन, उनकी पत्नी और अन्य लोगों पर दुर्गा पूजा के पूर्वावलोकन शो के पास की बिक्री में अनियमितताओं के आरोप लगाए गए थे।

सेन अपने खिलाफ लगाए गए सभी आरोपों से इनकार कर चुके हैं।

All the updates here:

अन्य न्यूज़