तीन तलाक पर रुख स्पष्ट करें कांग्रेस-सपा-बसपाः रविशंकर

[email protected] । Feb 20 2017 10:55AM

केंद्रीय मंत्री रविशंकर प्रसाद ने कहा है कि तीन तलाक एक ‘घातक सामाजिक प्रथा’ है। उन्होंने मांग की कि कांग्रेस, सपा एवं बसपा इस मुद्दे पर अपना रूख स्पष्ट करे।

इलाहाबाद। केंद्रीय मंत्री रविशंकर प्रसाद ने कहा है कि तीन तलाक एक ‘घातक सामाजिक प्रथा’ है जिसे कई इस्लामिक देशों में प्रतिबंधित कर दिया गया है और उन्होंने मांग की कि कांग्रेस, सपा एवं बसपा इस मुद्दे पर अपना रूख स्पष्ट करे। उन्होंने कहा, ‘‘तीन तलाक के मुद्दे पर भाजपा और नरेंद्र मोदी सरकार के रूख को लेकर ढेर सारा विवाद मचा हुआ है। मैं साफ करूं कि बहस हमने नहीं छेड़ी है।’’ उन्होंने कहा, ‘‘इस अल्पसंख्यक समुदाय की बहुत सारी महिलाएं इस प्रथा के विरोध में उच्चतम न्यायालय पहुंची थीं। हमने उनका साथ दिया है।’’

केंद्रीय कानून एवं न्याय मंत्री ने कहा कि केंद्र सरकार के हलफनामे में इस बात पर बल दिया गया है कि तीन तलाक एक ऐसा मुद्दा है जिसका संबंध महिलाओं के लैंगिक न्याय, मर्यादा और समानता के अधिकार से है। उन्होंने कहा, ‘‘हमने यह भी कहा था कि संविधान से मिले धर्म की स्वतंत्रता के अधिकार का मतलब घातक सामाजिक प्रथा को इजाजत देना नहीं है।’’ प्रसाद ने कहा, ‘‘अस्पृश्यता की प्रथा संविधान सम्मत नहीं है। धार्मिक कार्यक्रम करा रहा कोई हिंदू वर्षों पुरानी परंपराओं के नाम पर इस अमानवीय प्रथा के पालन करने पर जोर नहीं दे सकता।’’ उन्होंने कहा, ‘‘मुस्लिम महिलाएं महसूस करती हैं कि वे इस पश्चगामी प्रथा की पीड़िता हैं और उन्हें उपचार पाने का हक है।’’ भाजपा नेता ने कहा, ‘‘ऐसे वक्त में जब उत्तर प्रदेश, जहां बड़ी मुस्लिम आबादी है, में विधानसभा चुनाव हो रहे हैं, हम मांग करेंगे कि राहुल गांधी, अखिलेश यादव और मायावती इस मुद्दे पर अपनी स्पष्ट राय रखें। उन्हें लोगों को बताना चाहिए कि कांग्रेस, सपा और बसपा का इस मामले पर क्या रूख है।’’

We're now on WhatsApp. Click to join.

Tags

    All the updates here:

    अन्य न्यूज़