Ferozepur District Court को बम से उड़ाने की ईमेल पर मिली धमकी, परिसर कराया खाली

Ferozepur District
प्रतिरूप फोटो
AI-Generated

पंजाब के फिरोजपुर में शनिवार को राष्ट्रीय लोक अदालत के आयोजन के दिन जिला अदालत परिसर को बम की धमकी भरा ईमेल भेजा गया। सूचना मिलते ही पुलिस, श्वान दस्ता और बम निरोधक दस्ते ने पूरे परिसर की गहन तलाशी ली। जांच के दौरान कोई भी संदिग्ध वस्तु नहीं मिली और पुलिस ईमेल भेजने वाले का पता लगाने में जुटी है।

फिरोजपुर जिला अदालत परिसर को शनिवार को बम से उड़ाने की धमकी वाला ईमेल मिला जिसके बाद पुलिस ने परिसर को खाली कराया और सुरक्षा एजेंसियों द्वारा व्यापक जांच किए जाने तक लोगों के प्रवेश पर रोक लगा दी। धमकी वाला ईमेल उस दिन आया जब अदालत परिसर में राष्ट्रीय लोक अदालत आयोजित की जानी थी। सुरक्षा जांच के कारण अदालत की कार्यवाही पूर्वाह्न 11:30 बजे तक स्थगित रही।

ईमेल मिलने के तुरंत बाद पुलिस अधीक्षक (एसपी) दलवीर सिंह, अन्य वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के साथ मौके पर पहुंचे। इलाके की जांच के लिए श्वान दस्ते और बम निरोधक दस्तों को भी तैनात किया गया। पुलिस की कई टीम ने परिसर के कमरों, कार्यालयों, गलियारों और अन्य हिस्सों की तलाशी ली।

एसपी सिंह ने कहा कि पूरे परिसर की गहन जांच की गई है और अब तक कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली है। उन्होंने कहा कि धमकी को गंभीरता से लिया जा रहा है और सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। तकनीकी टीम धमकी भरा ईमेल भेजने वाले व्यक्ति का पता लगाने के लिए प्रयास कर रही हैं।

करीब नौ महीने में अदालत परिसर को मिली यह पांचवीं ऐसी धमकी है। इससे पहले आठ जनवरी, छह अप्रैल, 12 अगस्त और 26 अगस्त को भी बम की धमकी वाले इसी तरह के ईमेल मिले थे।

All the updates here:

अन्य न्यूज़