Sonbhadra के Robertsganj मंडी परिसर में भीषण आग, 12 दुकानें जलीं और 40 लाख का नुकसान

सोनभद्र जिले के रॉबर्ट्सगंज स्थित मंडी समिति परिसर में सोमवार देर रात भीषण आग लगने से लगभग एक दर्जन दुकानें और कारोबारी प्रतिष्ठान जलकर खाक हो गए। दमकल विभाग की आठ गाड़ियों ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया। व्यापारियों के अनुसार घटना में 40 लाख रुपये से अधिक की संपत्ति और खाद्यान्न सामग्री नष्ट हो गई।
उत्तर प्रदेश के सोनभद्र जिले में सोमवार देर रात एक मंडी समिति परिसर में आग लगने से लगभग एक दर्जन व्यापारियों के प्रतिष्ठान और दुकानें जलकर खाक हो गईं। यह जानकारी एक अधिकारी ने दी। प्रभारी अग्निशमन अधिकारी करण सिंह यादव ने कहा, रॉबर्ट्सगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत मंडी परिसर से रात 11.12 बजे आग लगने की सूचना मिली, जिसके बाद दमकल गाड़ियां मौके पर रवाना की गईं।
उन्होंने कहा, पहली दमकल गाड़ी रात 11.17 बजे मौके पर पहुंची, उसके बाद दूसरी 11.30 बजे पहुंची और आग बुझाने का अभियान शुरू किया गया। यादव ने बताया कि रात में आग पर काबू पाने के लिए कुल आठ दमकल गाड़ियां लगायी गईं। उन्होंने बताया कि स्थल पर खड़ी दो मोटरसाइकिल आग में पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं, जबकि एक कार को आंशिक नुकसान पहुंचा।
आग से मंडी समिति संघ के अध्यक्ष राकेश सोनकर सहित कई व्यापारियों के प्रतिष्ठान जलकर राख हो गए। सोनकर ने बताया कि शुरुआती आकलन के अनुसार, व्यापारियों को 40 लाख रुपये से अधिक का नुकसान हुआ है। व्यापारियों के प्रतिनिधियों ने बताया कि मंडी समिति परिसर के शेड नंबर दो में व्यापारियों द्वारा रखा गया सामान भी बुरी तरह जलकर नष्ट हो गया।
उन्होंने बताया कि इसमें आलू, लहसुन, प्याज और केले शामिल थे।
अन्य न्यूज़













