पूर्व डिप्टी सीएम KS Eshwarappa को आए दो धमकी भरे फोन, पुलिस में दी शिकायत

Prabhasakshi Image
Prabhasakshi

कर्नाटक के पूर्व उपमुख्यमंत्री के. एस. ईश्वरप्पा ने आरोप लगाया है कि उन्हें 17 अक्टूबर की रात दो धमकी भरे फोन कॉल आए। उन्होंने मामले की जानकारी शिवमोगा जिला पुलिस अधीक्षक को देकर कॉल करने वालों की पहचान करने और कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने शिकायत दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

कर्नाटक के पूर्व उपमुख्यमंत्री के. एस. ईश्वरप्पा ने सोमवार को आरोप लगाया कि उन्हें धमकी भरे दो फोन कॉल आए हैं और मामले की जांच की मांग करते हुए उन्होंने पुलिस से संपर्क किया है। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) से निष्कासित नेता ईश्वरप्पा ने यहां पत्रकारों से बातचीत में कहा कि उन्हें 17 अक्टूबर को रात आठ बजकर 49 मिनट और रात 10 बजकर 49 मिनट पर दो फोन कॉल आए थे। पुलिस ने बताया कि उसे इस संबंध में शिकायत मिली है और मामले की जांच की जा रही है।

ईश्वरप्पा ने आरोप लगाया कि दोनों बार फोन करने वालों के बात करने का तरीका धमकी भरा लग रहा था। उन्होंने कहा कि उन्होंने इस मामले की जानकारी जिला पुलिस अधीक्षक को दी है और अधिकारियों से कॉल करने वालों की पहचान कर उचित कार्रवाई करने का आग्रह किया है। उन्होंने कहा, ‘‘मैंने विशेष रूप से सुरक्षा की मांग नहीं की है।

इस बारे में फैसला सरकार को करना है। हालांकि, मामले की जांच होनी चाहिए और दोनों व्यक्तियों की पहचान करने के बाद उनके खिलाफ उचित कार्रवाई की जानी चाहिए।’’ ईश्वरप्पा ने बताया कि इससे पहले भी उन्हें इसी तरह के धमकी भरे फोन आए थे और उन मौकों पर भी उन्होंने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने कहा कि पुलिस ने उन्हें आश्वासन दिया है कि मामले की तत्काल जांच की जाएगी।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़