Punjab के पूर्व कैबिनेट मंत्री Bhagat Chunni Lal का 93 वर्ष की उम्र में निधन

पंजाब के पूर्व मंत्री भगत चुन्नी लाल ने जालंधर स्थित अपने आवास पर अंतिम सांस ली। उनके बेटे और कैबिनेट मंत्री मोहिंदर भगत ने यह जानकारी दी। उनके सम्मान में राज्य सरकार ने आधे दिन के अवकाश की घोषणा की है।
पंजाब के पूर्व मंत्री भगत चुन्नी लाल का बृहस्पतिवार को निधन हो गया। वह 93 वर्ष के थे। उनके बेटे और पंजाब सरकार में कैबिनेट मंत्री मोहिंदर भगत ने यह जानकारी दी।
चुन्नी लाल ने जालंधर स्थित अपने आवास पर अंतिम सांस ली। आम आदमी पार्टी (आप) की सरकार में बागवानी मंत्री मोहिंदर भगत ने कहा, ‘‘चुन्नी लाल भगत जी अब हमारे बीच नहीं रहे। उनके निधन से हम बेहद दुखी हैं।’’ उनका अंतिम संस्कार बृहस्पतिवार शाम पांच बजे जालंधर में किया जाएगा।
चुन्नी लाल के निधन के बाद पंजाब सरकार ने आधे दिन के अवकाश की घोषणा की है। चुन्नी लाल 2012 में तत्कालीन शिरोमणि अकाली दल (शिअद)-भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार में कैबिनेट मंत्री थे। तत्कालीन मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल के नेतृत्व वाली सरकार में उनके पास स्थानीय निकाय तथा चिकित्सा शिक्षा एवं अनुसंधान विभागों का प्रभार था।
चुन्नी लाल का जन्म एक दिसंबर 1932 को सियालकोट (अब पाकिस्तान) में हुआ था। विभाजन के बाद उनका परिवार जालंधर में बस गया था। उन्होंने 1985 में जालंधर दक्षिण विधानसभा सीट से निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में अपना पहला चुनाव लड़ा, लेकिन उन्हें हार का सामना करना पड़ा।
इसके बाद 1997 में उन्होंने इसी सीट से भाजपा के टिकट पर चुनाव जीता। वह 2007 और 2012 में भी विधायक चुने गए। 2012 में परिसीमन प्रक्रिया के बाद उन्होंने जालंधर पश्चिम विधानसभा सीट से चुनाव लड़ा।
चुन्नी लाल ने 2011 में पंजाब विधानसभा के उपाध्यक्ष के रूप में भी कार्य किया। उनके बेटे मोहिंदर भगत ने अप्रैल 2023 में भाजपा छोड़कर आम आदमी पार्टी का दामन थाम लिया था।
अन्य न्यूज़














