Gangster Vinod Pannu की Hisar Court के बाहर गोली मारकर हत्या, एक गिरफ्तार

Prabhasakshi Image
Prabhasakshi

हिसार जिला अदालत परिसर के मुख्य द्वार पर बृहस्पतिवार दोपहर हमलावरों ने थुराना गांव निवासी विनोद पन्नू उर्फ काना पर ताबड़तोड़ गोलियां चलाईं, जिससे अस्पताल में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस ने मौके से हथियार समेत एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और जांच के लिए छह पुलिस टीमें बनाई हैं। करीब 31 मामलों में नामजद पन्नू की हत्या के बाद कांग्रेस ने राज्य में बिगड़ती कानून-व्यवस्था को लेकर सरकार पर हमला बोला।

गैंगस्टर विनोद पन्नू उर्फ काना की बृहस्पतिवार दोपहर यहां जिला अदालत परिसर के मुख्य द्वार पर दो हमलावरों ने गोली मारकर हत्या कर दी। पुलिस ने यह जानकारी दी। पुलिस के अनुसार, अदालत में सुनवाई के बाद पन्नू अपने साथियों के साथ अदालत परिसर से बाहर निकल रहा था, तभी उस पर हमला किया गया।

पुलिस ने बताया कि दोनों हमलावरों ने अदालत के द्वार पर पन्नू को निशाना बनाया और ताबड़तोड़ करीब 10 गोलियां चलाईं। घटना के बाद मौके पर भारी संख्या में पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया और इलाके की घेराबंदी कर दी गई। पन्नू हिसार जिले के थुराना गांव का रहने वाला था।

पुलिस के अनुसार, उसके खिलाफ हत्या समेत 31 आपराधिक मामले दर्ज थे और उसकी आपराधिक गतिविधियां दिल्ली-एनसीआर समेत विभिन्न क्षेत्रों में फैली थीं। हिसार के पुलिस अधीक्षक सिद्धांत जैन ने संवाददाताओं को बताया कि एक आरोपी को वारदात में इस्तेमाल हथियार के साथ गिरफ्तार कर लिया गया। उन्होंने बताया कि गोलीबारी में घायल विनोद उर्फ काना की इलाज के दौरान मौत हो गई जबकि गोलीबारी में घायल एक अन्य व्यक्ति खतरे से बाहर है।

अधिकारी ने बताया कि पुलिस हत्या के मकसद और पन्नू को निशाना बनाए जाने के कारणों की जांच कर रही है। घटना की गहन जांच के लिए पांच से छह पुलिस टीम गठित की गई हैं। विपक्ष ने घटना को लेकर भाजपा सरकार पर निशाना साधा।

कांग्रेस के वरिष्ठ नेता रणदीप सिंह सुरजेवाला ने आरोप लगाया कि राज्य में कानून-व्यवस्था की स्थिति बिगड़ गई है। उन्होंने कहा कि गोलीबारी, जबरन वसूली और हत्या की घटनाओं ने पूरे राज्य को हिला दिया है तथा अब अदालत परिसर भी सुरक्षित नहीं हैं।

All the updates here:

अन्य न्यूज़