Ghaziabad: लोनी में दुकान की छत गिरने से कर्मचारी की मौत, दो घायल

गाजियाबाद के लोनी इलाके में सोमवार शाम पारस स्टील नाम की हार्डवेयर दुकान की छत का एक हिस्सा ढहने से बाराबंकी निवासी कर्मचारी मुकेश की जान चली गई। हादसे के बाद चलाए गए करीब तीन घंटे के राहत अभियान के दौरान दो अन्य कर्मचारियों जतिन और अर्जुन को मामूली चोटों के साथ बाहर निकाला गया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस घटना का संज्ञान लेते हुए अधिकारियों को प्रभावितों की हर संभव मदद करने के निर्देश दिए हैं।
गाजियाबाद के लोनी इलाके में सोमवार शाम हार्डवेयर की दुकान की छत का एक हिस्सा गिर जाने से एक कर्मचारी की मौत हो गई और दो अन्य लोग घायल हो गए। पुलिस ने यह जानकारी दी। स्थानीय पुलिस अधिकारी ने बताया कि यह घटना शाम करीब पांच बजे लोनी बॉर्डर पुलिस थाना इलाके के गुलाब वाटिका में स्थित आयरन मार्केट में ‘पारस स्टील’ नाम की हार्डवेयर की दुकान पर हुई।
पुलिस, दमकल के कर्मचारी और बचाव दल मौके पर पहुंचे और राहत व बचाव अभियान शुरू किया। दुकान के पिछले हिस्से में तीन कर्मचारी काम कर रहे थे, तभी अचानक छत गिर गई और वे मलबे और ऊपर रखे सामान के नीचे दब गए। अंकुर विहार के सहायक पुलिस आयुक्त (एसीपी) अमरदीप कुमार मौर्य ने बताया कि दुकान दिल्ली के ज्योति नगर निवासी अभिषेक जैन की है और घटना के समय उनके परिवार के सदस्य कुणाल जैन काउंटर पर बैठे थे।
पुलिस के मुताबिक, घटना के कुछ ही देर बाद जतिन और अर्जुन को बचा लिया गया। उन्हें मामूली चोटें आईं। बाराबंकी निवासी तीसरा कर्मचारी मुकेश मलबे में फंसा हुआ था।
पुलिस, राज्य आपदा मोचन बल (एसडीआरएफ), दमकल विभाग और नगर निगम की टीमों ने मिलकर करीब तीन घंटे तक बचाव अभियान चलाया। इसके बाद मुकेश को बाहर निकालकर अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने कहा कि शुरुआती जांच में ऐसा लगता है कि मुकेश की मौत दम घुटने से हुई।
मौर्य ने बताया कि दुकान पहली मंजिल पर थी। आरोप है कि वहां पर्याप्त पिलर नहीं थे और कोई मजबूत कंक्रीट स्लैब भी नहीं था; छत बीम और स्लैब से बनी थी। उन्होंने कहा कि जब छत गिरी, तब तीसरी मंजिल पर कुछ निर्माण कार्य भी चल रहा था।
पुलिस और बचाव दलों ने इलाके की घेराबंदी की और मशीनों की मदद से मलबा हटाने का काम जारी रखा। अधिकारियों ने बताया कि छत गिरने के कारण और इमारत की हालत की जांच की जा रही है। लखनऊ में मुख्यमंत्री कार्यालय ने बताया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने घटना का संज्ञान लिया है और अधिकारियों को राहत व बचाव कार्य में तेजी लाने तथा पीड़ित परिवारों को हर संभव मदद मुहैया कराने के निर्देश दिए हैं।
अन्य न्यूज़













