Greater Noida में ITBP जवान ने गुटखा विवाद के बाद दुकानदार को मारी गोली, गिरफ्तार

Greater Noida
AI Image

नोएडा के भनौता गांव में गुटखा मांगने पर हुए विवाद के बाद आईटीबीपी के एक जवान ने कथित रूप से दुकानदार पर गोली चला दी। गंभीर रूप से घायल दुकानदार को अस्पताल में भर्ती कराया गया है और आरोपी जवान को गिरफ्तार कर लिया गया है।

नोएडा (उत्तर प्रदेश), चार अगस्त ग्रेटर नोएडा में गुटखा मांगने को लेकर हुए विवाद में भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (आईटीबीपी) के एक जवान ने दुकानदार पर कथित रूप से गोली चला दी, जिससे वह घायल हो गया। पुलिस के एक अधिकारी ने मंगलवार को यह जानकारी दी। पुलिस के अनुसार, घटना सोमवार देर रात सूरजपुर थाना क्षेत्र के भनौता गांव की है जब आईटीबीपी का जवान सुरेंद्र फौजी गुटखा लेने के लिए गांव निवासी उदय प्रताप (42) की दुकान पर गया था।

थाना प्रभारी संजय कुमार सिंह ने बताया कि इसी दौरान दोनों के बीच विवाद हो गया। विवाद बढ़ने पर सुरेंद्र ने अपनी लाइसेंसी पिस्तौल से उदय प्रताप पर गोली चला दी। उन्होंने बताया कि गोली उदय के पेट में लगी, जिससे वह घायल हो गए और नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

थाना प्रभारी ने बताया कि पीड़ित की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर मंगलवार सुबह आरोपी सुरेंद्र को गिरफ्तार कर लिया गया और घटना में प्रयुक्त उसकी लाइसेंसी पिस्तौल भी बरामद कर ली गई है। उन्होंने बताया कि मामले में विधिक कार्रवाई की जा रही है।

All the updates here:

अन्य न्यूज़