BJP से गठबंधन के कयासों को Harsimrat Kaur ने दी हवा, कहा पंजाब के विकास के लिए दिल्ली जरूरी

शिरोमणि अकाली दल की सांसद हरसिमरत कौर बादल ने बृहस्पतिवार को लोंगोवाल में एक कार्यक्रम के दौरान पंजाब की तरक्की के लिए दिल्ली से बेहतर संबंध बनाने की इच्छा जताई। संत हरचंद सिंह लोंगोवाल की बरसी पर आयोजित इस कार्यक्रम में उनके बयान को भारतीय जनता पार्टी के साथ दोबारा गठबंधन के संकेत के रूप में देखा जा रहा है। इससे पहले अकाली दल के अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल ने भी संसद भवन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की थी।
शिरोमणि अकाली दल (शिअद) की सांसद हरसिमरत कौर बादल ने बृहस्पतिवार को पंजाब की तरक्की के लिए दिल्ली से बेहतर संबंध की इच्छा जताकर एक बार फिर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के साथ गठबंधन की अटकलों को हवा दे दी है। सांसद ने यह संकेत यहां संत हरचंद सिंह लोंगोवाल की शहादत की 41वीं बरसी के मौके पर आयोजित शिअद के कार्यक्रम को संबोधित करते हुए दिया। उन्होंने कहा, ‘‘गुरु साहिब कृपा करें।
बोलना मेरा काम नहीं है, इसलिए मैं अपनी जुबान रोक रही हूं। आपको खुद ही पता चल जाएगा।’’ हरसिमरत ने कहा, ‘‘ईश्वर हम पर कृपा करें और लोग हमें हिम्मत दें। ऐसे समझौतों के जरिए, जिनसे विकास और तरक्की से जुड़े काम दिल्ली से किए जाते थे, एक बार फिर पंजाब में उसी विकास और तरक्की की नींव रखी जा रही है, जिससे पंजाब और पंजाब के लोगों को लाभ होगा।’’ इस महीने की शुरुआत में, शिअद अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल ने संसद भवन में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से उनके कार्यालय में मुलाकात की थी।
इस मुलाकात के बाद से शिअद के भाजपा के साथ गठबंधन करने की अटकलें शुरू हो गई थीं। शिअद पहले भाजपा नीत राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) का हिस्सा था लेकिन अब रद्द हो चुके तीन कृषि कानूनों को लेकर वह गठबंधन से अलग हो गया था।
अन्य न्यूज़













