Chamoli सुरंग हादसे पर Hemant Soren ने CM Pushkar Dhami से बात कर श्रमिकों का हाल जाना

उत्तराखंड के चमोली जिले में एक निर्माणाधीन जलविद्युत परियोजना की सुरंग में पानी और मलबा भरने से झारखंड के कई मजदूर फंस गए हैं। इस घटना के बाद मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से फोन पर बात कर सभी श्रमिकों की सुरक्षित निकासी की जानकारी ली। टीएचडीसी के इस परियोजना स्थल से 16 मजदूरों को सुरक्षित निकाला जा चुका है, जबकि कम से कम तीन श्रमिकों के फंसे होने की आशंका है।
झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने बृहस्पतिवार को कहा कि उन्होंने उत्तराखंड के चमोली जिले में एक निर्माणाधीन सुरंग में पानी और मलबा घुसने के बाद वहां कथित तौर पर फंसे झारखंड के श्रमिकों के संबंध में राज्य के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से बात की है। सोरेन ने कहा कि धामी ने उन्हें आश्वासन दिया है कि सभी मजदूरों को सुरक्षित निकालने के लिए हर संभव प्रयास किया जा रहा है। सोरेन ने कहा कि उन्हें मिली जानकारी के अनुसार, सुरंग में फंसे लोगों में खूंटी, गुमला और अन्य जिलों के मजदूर भी शामिल हैं।
सोरेन ने ‘एक्स’ पर लिखा, ‘‘इस संबंध में मैंने उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर धामी से फोन पर बात की। उन्होंने आश्वासन दिया कि सभी मजदूरों को सुरक्षित निकालने के लिए हर संभव प्रयास किया जा रहा है।’’ अधिकारियों ने बताया कि चमोली में एक जलविद्युत परियोजना स्थल पर निर्माणाधीन सुरंग में बृहस्पतिवार को पानी और मलबा घुसने से कम से कम तीन श्रमिकों के फंसे होने की आशंका है, जबकि 16 अन्य को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है। अधिकारियों ने बताया कि घटना में बचाए गए कुछ मजदूरों को मामूली चोटें आई हैं।
यह घटना टिहरी हाइड्रो डेवलपमेंट कॉरपोरेशन (टीएचडीसी) लिमिटेड की पिपलकोटी क्षेत्र स्थित परियोजना स्थल पर हुई। अधिकारियों के अनुसार, परियोजना का निर्माण कार्य हिंदुस्तान कंस्ट्रक्शन कंपनी (एचसीसी) कर रही है।
अन्य न्यूज़













