Gurugram में 55000 करोड़ के संपत्ति सौदे जांच के दायरे में, एक ही PAN के इस्तेमाल से खुली गड़बड़ी

Prabhasakshi Image
Prabhasakshi

आयकर विभाग ने हरियाणा के बादशाहपुर तहसील में संपत्ति पंजीकरण से जुड़े भारी वित्तीय लेनदेन में गंभीर विसंगतियां पकड़ी हैं। चंडीगढ़ स्थित जांच विंग की सात सदस्यीय टीम जमीन की रजिस्ट्रियों में फर्जी या साझा पैन नंबर के प्रयोग की गहन पड़ताल कर रही है। विभाग 25 हजार संपत्तियों के पूरे रिकॉर्ड का मिलान कर वास्तविक आंकड़े जुटाने में लगा है।

गुरुग्राम के बादशाहपुर तहसील में आयकर विभाग के सर्वेक्षण के दौरान लगभग 25,000 संपत्तियों के रिकॉर्ड में विसंगतियां पाए जाने के बाद 55,000 करोड़ रुपये के सौदे जांच के दायरे में आ गए हैं। इनमें पिछले दो वर्षों के दौरान जमीन की कई रजिस्ट्रियों में एक ही पैन नंबर के कथित इस्तेमाल की बात सामने आई है। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।

अधिकारी ने बताया कि भारी मूल्य वाले संपत्ति सौदों में विसंगतियों की जांच के लिए आयकर विभाग, चंडीगढ़ के निदेशक (जांच एवं आपराधिक खुफिया जानकारी) ने सात सदस्यीय टीम का गठन किया है, जो वर्तमान में बादशाहपुर तहसील कार्यालय में रिकॉर्ड की बारीकी से जांच कर रही है। आयकर विभाग के अधिकारियों के अनुसार, विभाग को लगभग 12,000 संपत्तियों से जुड़े 15,000 करोड़ रुपये के सौदों की कोई जानकारी नहीं मिली थी। अधिकारियों ने बताया कि जब लगभग 25,000 संपत्तियों से संबंधित रिकॉर्ड की जांच की गई, तो पता चला कि या तो इन सौदों की सूचना विभाग को नहीं दी गई थी या फिर गलत पैन दर्ज किए गए थे।

इन संपत्तियों से जुड़े लगभग 55,000 करोड़ रुपये के सौदों में अनियमितताएं सामने आई हैं। विभाग विसंगतियों के वास्तविक दायरे का पता लगाने के लिए रिकॉर्ड का मिलान कर रहा है।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़