Jaipur Police ने Fake Currency गिरोह के चार सदस्यों को पकड़ा, 4.30 लाख रुपये बरामद

राजस्थान के जयपुर में पुलिस और विशेष अपराध शाखा की संयुक्त टीम ने शुक्रवार देर रात 4.30 लाख रुपये से अधिक के नकली नोट बरामद कर चार आरोपियों को गिरफ्तार किया। पुलिस के मुताबिक यह गिरोह बांग्लादेश में बैठे सरगना अमन राणा के निर्देश पर काम कर रहा था और आगामी निकाय चुनावों में इन नोटों को चलाने की तैयारी थी। इस कार्रवाई के दौरान आरोपियों के पास से दो एसयूवी गाड़ियां भी जब्त की गई हैं।
राजस्थान के जयपुर में पुलिस ने 4.30 लाख रुपये से अधिक मूल्य के नकली नोट बरामद कर चार लोगों को गिरफ्तार कर लिया। अधिकारियों ने शनिवार को यह जानकारी दी। पुलिस के अनुसार, बजाज नगर थाना पुलिस और आयुक्तालय की विशेष अपराध शाखा (सीएसटी) की संयुक्त टीम ने यह कार्रवाई की।
पुलिस ने बताया कि टीम ने शुक्रवार देर रात नकली नोट चलाने वाले कथित अंतरराष्ट्रीय गिरोह के चार सदस्यों को गिरफ्तार किया। अधिकारियों ने बताया कि आरोपियों के कब्जे से 4,30,500 रुपये के नकली नोट बरामद किए गए। उन्होंने बताया कि इसके अलावा दो ‘एसयूवी’ वाहन भी जब्त किए गए हैं।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अंशुल, साहिल चौधरी, प्रियांशु और आकाश के रूप में हुई है। पुलिस ने बताया कि साहिल चौधरी सीकर जिले का रहने वाला है जबकि अन्य तीन आरोपी हरियाणा के निवासी हैं। पुलिस के मुताबिक, गिरोह का कथित सरगना रोहतक निवासी अमन राणा है, जो बांग्लादेश से गिरोह चला रहा है।
अधिकारियों के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ पहले भी कई गंभीर मामले दर्ज हैं। पुलिस ने बताया कि आरोपी इन नकली नोटों को राज्य में आगामी नगर निकाय चुनाव के दौरान खपाने के लिए लाए थे। पुलिस ने बताया कि मामले की जांच जारी है।
अन्य न्यूज़













