Jammu Kashmir के Udhampur और Reasi में संदिग्ध दिखे, CRPF-पुलिस ने चलाया तलाशी अभियान

Jammu Kashmir
प्रतिरूप फोटो
AI-Generated

उधमपुर के तालोट गांव में देर रात दो संदिग्ध लोगों द्वारा एक ग्रामीण का दरवाजा खटखटाकर भोजन मांगने की घटना के बाद सुरक्षाबलों ने व्यापक घेराबंदी की है। पुलिस और केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल की संयुक्त टीमों ने रियासी के सदिनी जंगलों तथा कठुआ के हीरानगर सेक्टर में अंतरराष्ट्रीय सीमा से सटे इलाकों में तलाशी अभियान तेज कर दिया है।

जम्मू कश्मीर के उधमपुर, रियासी और कठुआ जिलों में संदिग्ध लोगों की गतिविधि की खबर मिलने के बाद सुरक्षाबलों ने कई जगहों पर तलाशी अभियान शुरू किया। अधिकारियों ने मंगलवार को यह जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि दो संदिग्ध लोगों की गतिविधि के बारे में जानकारी मिलने पर पुलिस ने केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) के साथ मिलकर घेराबंदी और तलाशी अभियान शुरू किया।

उन्होंने कहा कि इन लोगों ने कथित तौर पर सोमवार देर रात उधमपुर के तालोट गांव में प्रकाश चंद के घर का दरवाजा खटखटाया और खाना मांगा था। अधिकारियों के अनुसार, कुछ देर तक दरवाजा खटखटाने की आवाज आती रही लेकिन घर के लोगों ने कोई जवाब नहीं दिया। जब शॉल ओढ़े संदिग्ध लोग वहां से खुबन की तरफ चले गए तो चिंतित घरवालों ने सुरक्षाबलों को इसकी सूचना दी।

उन्होंने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस और सीआरपीएफ की संयुक्त टीम गांव पहुंचीं और अभियान शुरू किया। इसके अलावा, सुरक्षाबलों ने रियासी के सदिनी जंगलों तथा कठुआ के हीरानगर सेक्टर में अंतरराष्ट्रीय सीमा के पास कई गांवों में तलाशी अभियान चलाया। अधिकारियों के अनुसार, जिन इलाकों से हाल में ऐसी खबरें मिली हैं, वहां तलाशी अभियान जारी है।

All the updates here:

अन्य न्यूज़