Khunti में तीन नाबालिगों से दुष्कर्म के आरोप में तीन रिश्तेदार गिरफ्तार, BNS और POCSO के तहत केस

झारखंड के खूंटी जिले में दो बहनों सहित तीन नाबालिग लड़कियों से कथित तौर पर यौन शोषण करने के मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को पकड़ा है। पुलिस अधीक्षक ऋषभ गर्ग के अनुसार, पीड़ितों के बयानों के आधार पर महिला थाने में प्राथमिकी दर्ज कर आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। पीड़िताओं की चिकित्सकीय जांच कराई गई है और मामले की जांच जारी है।
खूंटी, चार नवंबर झारखंड के खूंटी जिले में दो बहनों सहित तीन लड़कियों से उनके करीबी रिश्तेदारों द्वारा कथित तौर पर दुष्कर्म किए जाने का मामला सामने आया है। पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बुधवार को यह जानकारी दी। अधिकारी के अनुसार, तीनों पीड़ितों के बयानों के आधार पर महिला पुलिस थाने में शिकायत दर्ज होने के बाद तीन आरोपियों को मंगलवार को गिरफ्तार किया गया।
उन्होंने बताया कि यह घटना दो नवंबर को खूंटी थाना क्षेत्र में हुई। पुलिस के अनुसार, एक लड़की ने सोमवार को अपने एक दोस्त की जन्मदिन की पार्टी में शामिल होने के लिए मुरहू थाना क्षेत्र की रहने वाली दोनों बहनों को आमंत्रित किया था। पुलिस के मुताबिक, पार्टी के बाद आरोपी लड़कियों को कथित तौर पर अलग-अलग स्थानों पर ले गए और उनका यौन शोषण किया।
खूंटी के पुलिस अधीक्षक (एसपी) ऋषभ गर्ग ने पीटीआई-भाषा से कहा, हमने घटनाओं के संबंध में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। तीनों वयस्क हैं और आरोपी लड़कियों के करीबी रिश्तेदार हैँ। उनके खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) और पॉक्सो अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।
अधिकारी ने बताया कि लड़कियों की उम्र 15 से 17 वर्ष के बीच है। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि पीड़िताओं की चिकित्सकीय जांच कराई गई है और। मामले की आगे की जांच जारी है।
अन्य न्यूज़













