Jharkhand: 22 भर्ती परीक्षाएं रद्द, छात्रों ने आभार यात्रा निकाली

रांची में बुधवार को सैकड़ों छात्रों ने भर्ती परीक्षाएं रद्द करने के राज्य सरकार के फैसले का स्वागत करते हुए आभार यात्रा निकाली। जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम से अल्बर्ट एक्का चौक तक पहुंची इस यात्रा के जरिए 26 दिनों से चले आ रहे आंदोलन के समर्थकों का आभार जताया गया। छात्र नेताओं ने व्यवस्था में सुधार के लिए अपने प्रदर्शन को दो महीने के लिए स्थगित करने की घोषणा की है।
झारखंड में भर्ती परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे छात्रों ने बुधवार को ‘आभार यात्रा’ निकाली। यह यात्रा झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) नीत सरकार द्वारा 22 भर्ती परीक्षाएं रद्द करने और 2014 से राज्य लोक सेवा आयोग (जेपीएससी) तथा एक आउटसोर्स एजेंसी द्वारा कराई गई 23 अन्य परीक्षाओं की जांच के आदेश देने के एक दिन बाद निकाली गई। छात्र नेताओं ने बताया कि यह ‘आभार यात्रा’ उन सभी छात्रों और अभिभावकों को धन्यवाद देने के लिए निकाली गई, जिन्होंने व्यवस्था में सुधार और बदलाव की मांग को लेकर उनके आंदोलन का समर्थन किया।
यह यात्रा प्रदर्शन स्थल जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम से शुरू होकर अल्बर्ट एक्का चौक तक पहुंची। इसमें राज्यभर से आए सैकड़ों छात्रों ने हिस्सा लिया। छात्र नेता देवेंद्र नाथ महतो ने कहा, ‘‘यह 16 दिन की भूख हड़ताल और 24 दिन के सत्याग्रह का परिणाम है।
सत्याग्रह 24 अगस्त से और भूख हड़ताल दो अगस्त से शुरू हुई थी।’’ उन्होंने कहा कि झारखंड में नौकरी घोटाले, प्रश्नपत्र लीक, भ्रष्टाचार, भर्ती परीक्षाओं में अनियमितता और नौकरी हासिल करने के लिए होने वाली साठगांठ को अब बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। महतो ने कहा, ‘‘हम शिक्षा माफिया को जड़ से खत्म करेंगे। यह बिरसा मुंडा और चांद भैरव की धरती है, यह संघर्ष की भूमि है।
मैं सभी छात्रों, शिक्षकों, अभिभावकों और मीडिया का आभार व्यक्त करता हूं।’’ उन्होंने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन का भी धन्यवाद किया और छात्रों की मांगों पर ध्यान देने के लिए आभार जताया। छात्र नेता ने बताया कि उन्होंने 16 दिन की भूख हड़ताल के बाद सोमवार आधी रात के करीब इसे समाप्त किया था। राज्य सरकार द्वारा 2014 से आउटसोर्स एजेंसी के माध्यम से आयोजित सभी भर्ती परीक्षाएं, जिनमें जेएसएससी-सीजीएल परीक्षा भी शामिल है, रद्द किए जाने के बाद उन्होंने आंदोलन समाप्त किया।
‘जेपीएससी/जेएसएससी रिफार्म्स मंच’ के एक छात्र नेता ने कहा, ‘‘छोटे से लेकर बड़े हर व्यक्ति ने इस आंदोलन में योगदान दिया है। इसी के परिणामस्वरूप देश के सबसे अनोखे आंदोलनों में से एक शुरू हुआ। मुख्यमंत्री ने हमारी आधे से अधिक मांगें स्वीकार कर लीं, यही इस आंदोलन की ताकत थी।’’ मंच के नेता रवींद्र पासवान ने कहा, ‘‘छात्रों के 26 दिन के आंदोलन ने झारखंड सरकार को 22 भर्ती परीक्षाएं रद्द करने और 23 अन्य की जांच शुरू करने के लिए मजबूर किया।
हमने दो महीने के लिए अपना आंदोलन स्थगित किया है, ताकि राज्य सरकार मुद्दों का समाधान करके व्यवस्था में सुधार कर सके।’’ उन्होंने कहा कि इस आंदोलन को देशभर से अभूतपूर्व समर्थन मिला और यह ‘आभार यात्रा’ उन सभी लोगों को समर्पित है, जिन्होंने इस संघर्ष में साथ दिया।
अन्य न्यूज़














