K Annamalai ने Delhi Police की कार्रवाई को बताया गलत, कॉजपा के सवाल उठाने के अधिकार का किया समर्थन

Prabhasakshi Image
Prabhasakshi

भाजपा की तमिलनाडु इकाई के पूर्व अध्यक्ष के अन्नामलाई ने कोयंबटूर में संवाददाताओं से बात करते हुए कॉकरोच जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं की गिरफ्तारी की आलोचना की। उन्होंने कहा कि लोकतांत्रिक तरीके से सवाल उठाने का सबको हक है और सरकार को इन चिंताओं का समाधान करना चाहिए। अन्नामलाई ने यह भी स्पष्ट किया कि जेल भेजने से ऐसे नेताओं का हौसला और बढ़ेगा।

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की तमिलनाडु इकाई के पूर्व अध्यक्ष के अन्नामलाई ने हाल में कॉकरोच जनता पार्टी (कॉजपा) के सदस्यों के खिलाफ की गई कार्रवाई को लेकर मंगलवार को दिल्ली पुलिस की आलोचना की और इसे ‘‘बहुत गलत’’ बताया। उन्होंने गंभीर सवाल उठाने के कॉजपा के लोकतांत्रिक अधिकार का समर्थन किया। अन्नामलाई ने कहा कि वह सवालों की वैधता से पूरी तरह सहमत हैं और उनका मानना ​​है कि सरकार को इन सवालों का समाधान करना चाहिए।

वी द लीडर्स आंदोलन के संस्थापक अन्नामलाई ने यहां संवाददाताओं से कहा, ‘‘दिल्ली पुलिस बहुत गलत कर रही है।’’ उन्होंने कॉजपा सदस्यों की हालिया गिरफ्तारी और पुलिस की सख्ती की कड़ी आलोचना की। अन्नामलाई ने कहा, ‘‘हो सकता है कि मैं उनके तौर-तरीकों या विरोध-प्रदर्शन के ढंग से सहमत न होऊं, लेकिन जो सवाल वे उठाना चाहते हैं, उस मामले में मैं पूरी तरह से कॉजपा का समर्थन करता हूं। गिरफ्तार करके जेल में डालने से कॉजपा के नेता और भी मजबूत ही होंगे।’’ एक अन्य सवाल का जवाब देते हुए अन्नामलाई ने कहा कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी को मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) पर सवाल उठाने का पूरा अधिकार है, लेकिन इससे संस्थागत नुकसान नहीं होना चाहिए।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़