कादर खान, गौतम गंभीर, कुलदीप नैयर, तीजन बाई समेत 112 लोगों को पद्म पुरस्कार

kader-khan-gautam-gambhir-hs-phoolka-among-112-recipients-of-padma-awards
[email protected] । Jan 25 2019 11:11PM

लोक गायिका तीजन बाई, गुइले, नाइक और रंगकर्मी बलवंत मोरेश्वर पुरंदरे को पद्म विभूषण से सम्मानित किया जाएगा। पूर्व सीएजी वीके शुंगलू, पूर्व केंद्रीय मंत्री करिया मुंडा, अकाली नेता एसएस ढींडसा को पद्म भूषण के लिए चुना गया है।

जिबूती के राष्ट्रपति इस्माइल उमर गुइले, एल एंड टी के चेयरमैन एएम नाइक, दिवंगत पत्रकार कुलदीप नैयर, दिवंगत अदाकार कादर खान और क्रिकेटर गौतम गंभीर समेत 112 जानीमानी हस्तियों को इस साल के पद्म पुरस्कारों से सम्मानित किया जाएगा। लोक गायिका तीजन बाई, गुइले, नाइक और रंगकर्मी बलवंत मोरेश्वर पुरंदरे को पद्म विभूषण से सम्मानित किया जाएगा। पूर्व सीएजी वीके शुंगलू, पूर्व केंद्रीय मंत्री करिया मुंडा, अकाली नेता एसएस ढींडसा को पद्म भूषण के लिए चुना गया है।

राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद मार्च-अप्रैल में कभी पद्म पुरस्कार विजेताओं को सम्मानित करेंगे। दिवंगत अदाकार कादर खान, क्रिकेटर गौतम गंभीर और पूर्व राजनयिक एस जयशंकर समेत 94 लोगों को पद्म श्री से सम्मानित किया जाएगा। गृह मंत्रालय ने शुक्रवार को पद्म पुरस्कार विजेताओं की सूची जारी की।

पर्वतारोही बछेंद्री पाल के नाम की घोषणा भारत के तीसरे सर्वश्रेष्ठ नागरिक पुरस्कार ‘पद्म भूषण’ के लिये की गयी जबकि पद्मश्री के लिये शुक्रवार को गौतम गंभीर, बजरंग पूनिया और सुनील छेत्री को चुना गया। सरकार ने 70वें गणतंत्र दिवस की पूर्व संध्या पर 2019 पद्म पुरस्कार प्राप्त करने वाले नामों की घोषणा की। चौंसठ वर्ष की महान पर्वतारोही बछेंद्री पाल 1984 में एवरेस्ट की चढ़ाई करने वाली पहली भारतीय महिला बनी थीं। विश्व कप विजेता क्रिकेटर गंभीर, स्टार फुटबालर छेत्री और विश्व चैम्पियनशिप के रजत पदकधारी पहलवान बजरंग के अलावा पद्म श्री द्रोणावल्ली हरिका (शतरंज), शरत कमल (टेबल टेनिस), बोम्बाल्या देवी लैशराम (तीरंदाजी), अजय ठाकुर (कबड्डी) और प्रशांती सिंह (बास्केटबाल) को पद्मश्री से सम्मानित किया गया।

सैंतीस वर्षीय गंभीर ने 2007 में भारत की विश्व टी20 खिताबी जीत के फाइनल्स में और 2011 विश्व कप खिताबी जीत में मैच विजयी पारी खेली थी। चौंतीस साल के छेत्री पिछले एक दशक से भारतीय फुटबाल टीम की अगुवाई कर रहे हैं और देश के सर्वकालिक सर्वाधिक गोल करने वाले खिलाड़ी हैं। बजरंग विश्व कप रजत और कांस्य पदकधारी पहलवान हैं, इसके अलावा उनहोंने 2018 में एशियाई खेलों और राष्ट्रमंडल खेलों में स्वर्ण पदक जीता था। पिछले साल बजरंग प्रतिष्ठित खेल रत्न पुरस्कार के लिये नहीं चुने जाने के कारण नाराज हो गये थे। क्रिकेटर विराट कोहली और भारोत्तोलक मीराबाई चानू की देश के शीर्ष खेल पुरस्कार के लिये सिफारिश की गयी थी। सरकार ने इस साल 112 विभूतियों को पद्म पुरस्कारों से नवाजा है जिसमें चार पद्म विभूषण, 14 पद्म भूषण और 94 पद्मश्री शामिल हैं। 

पद्म विजेताओं की पूरी सूची देखने के लिए यहाँ क्लिक करें-https://www.scribd.com/document/398223596/Padma-2019-List#

We're now on WhatsApp. Click to join.
All the updates here:

अन्य न्यूज़