Karnataka: धार्मिक अनुष्ठान में शामिल होने निकला किशोर तालाब में मृत मिला

dead body
प्रतिरूप फोटो
Creative Common

पुलिस अधीक्षक ने बताया कि तलाश के दौरान स्थानीय लोगों ने रास्ते में एक तालाब के पास खून के निशान देखे। इसके बाद पूर्वाह्न करीब साढ़े 11 बजे सुमंत का शव तालाब से बरामद किया गया।

कर्नाटक के बेलथांगड़ी तालुक के गेरुकट्टे में एक मंदिर में धार्मिक अनुष्ठान में शामिल होने के लिए बुधवार तड़के घर से निकला 15 वर्षीय एक लड़का दिन में एक तालाब में मृत पाया गया। पुलिस ने यह जानकारी दी।

पुलिस के मुताबिक, मृतक की पहचान समबोयला बारामेलू निवासी सुमंत के रूप में हुई है। वह गेरुकट्टे हाईस्कूल में कक्षा नौ का छात्र था। पुलिस अधीक्षक डॉ. अरुण के. ने बताया कि सुमंत बुधवार तड़के करीब चार बजे गेरुकट्टे नाला मंदिर में धनुर पूजा में शामिल होने के लिए घर से निकला था। उसके साथ दो अन्य लड़कों को भी मंदिर जाना था।

उन्होंने बताया कि अन्य लड़कों ने कुछ देर तक सुमंत का इंतजार किया, लेकिन उसके बाहर नहीं आने पर वे सीधे मंदिर चले गए। मंदिर पहुंचने पर सुमंत के नहीं मिलने पर उन्होंने उसके परिवार से संपर्क किया। परिवार ने बताया कि वह तड़के ही मंदिर के लिए निकल गया था।

पुलिस अधीक्षक ने बताया कि तलाश के दौरान स्थानीय लोगों ने रास्ते में एक तालाब के पास खून के निशान देखे। इसके बाद पूर्वाह्न करीब साढ़े 11 बजे सुमंत का शव तालाब से बरामद किया गया। पुलिस ने कहा कि इस संबंध में मामला दर्ज कर लिया है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मृत्यु के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़