कर्नाटक: बेलगावी में जिला कांग्रेस कार्यालय के अंदर पदाधिकारियों की नियुक्ति को लेकर दो गुटों में झड़प

कर्नाटक के बेलगावी में जिला कांग्रेस कार्यालय में पदाधिकारियों के चयन को लेकर आयोजित बैठक के दौरान कार्यकर्ताओं के दो गुटों के बीच झड़प हो गई। पूर्व विधायक रमेश कुदाची के समर्थकों और दूसरे गुट के बीच तीखी बहस के बाद पुलिस को हस्तक्षेप करना पड़ा। हालांकि, कांग्रेस विधायक आसिफ सैत ने गंभीर अंदरूनी कलह की खबरों को खारिज किया है।
बेलगावी (कर्नाटक), 27 जुलाई कांग्रेस के जिला स्तरीय पदाधिकारियों के चयन को लेकर सोमवार को यहां जिला कांग्रेस कार्यालय में आयोजित परामर्श बैठक के दौरान पार्टी कार्यकर्ताओं के विभिन्न गुटों के बीच झड़प हो गई। सूत्रों ने यह जानकारी दी। सूत्रों के अनुसार, यह घटना उस समय हुई जब अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (एआईसीसी) के पर्यवेक्षक मनोज चौहान अगले जिला कांग्रेस अध्यक्ष तथा अन्य पदाधिकारियों की नियुक्ति को लेकर कार्यकर्ताओं की राय ले रहे थे।
उन्होंने बताया कि पूर्व विधायक रमेश कुदाची के समर्थकों और दूसरे गुट के सदस्यों के बीच धक्का-मुक्की हुई। सूत्रों के मुताबिक, कुछ कथित टिप्पणियों के बाद कार्यकर्ताओं के एक वर्ग ने विरोध जताया, जिससे तीखी बहस शुरू हो गई और देखते ही देखते दोनों गुटों के बीच झड़प हो गई। कुछ समय तक कांग्रेस कार्यालय में तनाव का माहौल रहा।
बाद में पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति पर काबू पाते हुए मामले को और बढ़ने से रोक दिया। पार्टी के विधायक आसिफ सैत ने पार्टी में गंभीर अंदरूनी कलह की खबरों को खारिज कर दिया। उन्होंने संवाददाताओं से कहा, कोई झड़प या मारपीट नहीं हुई।
कार्यकर्ताओं ने केवल अपनी राय रखी, जिससे कुछ गलतफहमी और बहस की स्थिति बनी। मनोज चौहान ने उठाए गए सभी सवालों का संतोषजनक जवाब दिया।
अन्य न्यूज़














