Kerala के Nilambur पहुंचे CM Satheesan, अचानक आई बाढ़ पर SOP लाने का ऐलान

Prabhasakshi Image
Prabhasakshi

केरलम के मलप्पुरम जिले में कोट्टापुझा नदी में अचानक आई बाढ़ में पांच लोगों की जान चली गई, जबकि एक महिला लापता है। मुख्यमंत्री वी. डी. सतीशन ने घटनास्थल का दौरा कर पीड़ितों को सहायता देने और ऐसी प्राकृतिक आपदाओं के लिए मानक संचालन प्रक्रिया लागू करने का आश्वासन दिया।

केरलम के मुख्यमंत्री वी. डी. सतीशन ने सोमवार को नीलांबूर का दौरा किया जहां कोट्टापुझा नदी में अचानक आई बाढ़ में पांच लोगों की मौत हो गई और एक महिला लापता है। उन्होंने कहा कि सरकार ऐसी अचानक आने वाली प्राकृतिक आपदाओं से निपटने के लिए जल्द मानक संचालन प्रक्रिया (एसओपी) लागू करेगी। रविवार शाम टीके कॉलोनी में अचानक आई बाढ़ में छह लोग बह गए थे।

तलाश अभियान में पांच लोगों के शव बरामद किए गए जबकि 26 वर्षीय स्थानीय महिला सजिता की तलाश जारी है। निलांबुर में पत्रकारों से बात करते हुए सतीशन ने कहा कि यह घटना अचानक हुई, जबकि उस जगह पर बारिश का कोई संकेत नहीं था। सतीशन ने बताया कि अचानक आई बाढ़ के समय लोग नदी में मौजूद थे और ऊपर की तरफ से पानी आने की सूचना मिलने के बाद स्थानीय लोगों ने बचाव कार्यों में मदद की।

उन्होंने कहा कि यह स्थान आधिकारिक रूप से पर्यटक स्थल नहीं है लेकिन सोशल मीडिया पर व्यापक प्रचार के बाद यहां बड़ी संख्या में लोग पहुंचने लगे हैं। उन्होंने कहा, सरकार परिवारों को हर ज़रूरी मदद देगी। बुधवार को कैबिनेट की बैठक में इस पर फ़ैसला लिया जाएगा और इसे जल्द से जल्द लागू किया जाएगा।

All the updates here:

अन्य न्यूज़