Kerala सरकार ग्रामीण छात्रों को देगी UPSC कोचिंग, सभी 14 जिलों में खुलेगी Civil Services Academy

Prabhasakshi Image
Prabhasakshi

केरलम के उच्च शिक्षा मंत्री रोजी एम. जॉन ने राज्य के ग्रामीण अंचलों में प्रतियोगी परीक्षाओं के कोचिंग संस्थान शुरू करने का एलान किया है। जिला पंचायतों के साथ मिलकर 'सिविल सेवाएं गांवों तक' मुहिम चलाई जाएगी ताकि आर्थिक रूप से कमजोर पृष्ठभूमि के अभ्यर्थी भी शीर्ष पदों की तैयारी कर सकें। इसके साथ ही केरलम राज्य सिविल सेवा अकादमी का विस्तार सभी 14 जिलों में किया जाएगा।

केरलम के उच्च शिक्षा मंत्री रोजी एम. जॉन ने शुक्रवार को कहा कि उनकी सरकार सिविल सेवाओं में करियर बनाने के इच्छुक विद्यार्थियों, विशेष रूप से सामाजिक और आर्थिक रूप से कमजोर वर्गों के विद्यार्थियों की मदद के लिए ग्रामीण क्षेत्रों में प्रतियोगी परीक्षा कोचिंग संस्थान खोलेगी। उन्होंने कहा कि प्रस्तावित ‘सिविल सेवाएं गांवों तक’ पहल को जिला पंचायतों के सहयोग से अमलीजामा पहनाया जाएगा। मंत्री ने इस पहल की घोषणा केरलम राज्य सिविल सेवा अकादमी द्वारा एक साक्षात्कार प्रशिक्षण कार्यक्रम का उद्घाटन करते हुए की।

यह साक्षात्कार प्रशिक्षण कार्यक्रम संघ लोकसेवा आयोग (यूपीएससी) की सिविल सेवा परीक्षा 2026 के साक्षात्कार के लिए उत्तीर्ण हुए राज्य के अभ्यर्थियों के लिए शुरू किया गया है। उन्होंने कहा कि इस योजना का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों के विद्यार्थियों तक प्रशिक्षण के अवसर पहुंचाकर विशेष कोचिंग की उपलब्धता में मौजूद अंतर को दूर करना है ताकि सामाजिक और आर्थिक रूप से कमजोर वर्गों के विद्यार्थी सिविल सेवा पदों के लिए प्रतिस्पर्धा कर सकें। जॉन ने यह भी कहा कि केरलम राज्य सिविल सेवा अकादमी को उन्नत कर और राज्य के सभी 14 जिलों में इसकी सेवाओं का विस्तार करने के लिए कदम उठाए जाएंगे।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़