Kerala के Thiruvananthapuram में कार से 90 किलो गांजा जब्त, 2 तस्कर अरेस्ट

तिरुवनंतपुरम ग्रामीण पुलिस ने वेल्लारडा और कट्टाकडा के बीच एक कार के खुफिया चैंबर से करीब 90 किलोग्राम गांजा बरामद किया है। पुलिस ने मामले में अखिल और सुबीश नाम के दो आरोपियों को गिरफ्तार कर रिमांड पर भेजने की तैयारी शुरू कर दी है। पूछताछ में सामने आया है कि यह खेप आंध्र प्रदेश से तमिलनाडु के रास्ते लाई जा रही थी।
केरलम में तिरुवनंतपुरम के वेल्लारडा में बृहस्पतिवार को एक कार से करीब 90 किलोग्राम गांजा बरामद किए जाने के बाद उसमें सवार दो लोगों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने यह जानकारी दी। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अखिल और सुबीश के रूप में हुई है।
तिरुवनंतपुरम ग्रामीण पुलिस की जिला मादक पदार्थ निरोधक एवं विशेष कार्रवाई बल की टीम ने बृहस्पतिवार तड़के वेल्लारडा और कट्टाकडा के बीच एक स्थान पर उनकी कार को रोककर तलाशी ली। अधिकारियों ने बताया कि शुरुआती तलाशी के दौरान पुलिस को कोई मादक पदार्थ नहीं मिला। हालांकि, गहन जांच में वाहन के निचले हिस्से में एक विशेष रूप से बनाया गया चैंबर मिला।
इसमें कई पैकेट रखे थे, जिनमें करीब 90 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया। पुलिस ने बताया कि आरोपियों ने कथित तौर पर आंध्र प्रदेश से गांजा खरीदा था और उसे तमिलनाडु के रास्ते केरलम ले जा रहे थे। अधिकारियों ने बताया कि पुलिस मादक पदार्थ के इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों का पता लगाने के लिए दोनों आरोपियों से पूछताछ कर रही है।
दोनों आरोपी पहले भी मादक पदार्थ की तस्करी में शामिल रहे हैं। अधिकारियों ने बताया कि आंध्र प्रदेश में गांजा उपलब्ध कराने वाले लोगों की जानकारी जुटाने के लिए भी जांच की जा रही है। उन्होंने बताया कि आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद दोनों आरोपियों को रिमांड की प्रक्रिया के तहत अदालत में पेश किया जाएगा।
अन्य न्यूज़














