Rahul Gandhi का Prayagraj दौरा फ्लॉप रहा, Keshav Prasad Maurya ने बोला हमला

Rahul Gandhi का Prayagraj दौरा फ्लॉप रहा, Keshav Prasad Maurya ने बोला हमला
प्रतिरूप फोटो
AI-Generated

उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने दावा किया कि प्रयागराज में आयोजित कांग्रेस सांसद राहुल गांधी का 'छात्रों की गूंज' कार्यक्रम पूरी तरह विफल साबित हुआ है। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी के समर्थन के बावजूद यह दौरा बेअसर रहा और राज्य का युवा भाजपा के साथ है। मौर्य के अनुसार 2027 के विधानसभा चुनाव में सपा और कांग्रेस गठबंधन की हार तय है।

लखनऊ, आठ अगस्त उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने शनिवार को प्रयागराज में कांग्रेस सांसद राहुल गांधी के कार्यक्रम ‘छात्रों की गूंज’ को ‘फ्लॉप शो’ करार दिया। मौर्य ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर पोस्ट किये गये संदेश में गांधी के कार्यक्रम में समाजवादी पार्टी का भी सहयोग होने का दावा करते हुए कहा, ‘‘सपा बहादुर अखिलेश यादव जी के खुल्लम-खुल्ला समर्थन तथा सपा और कांग्रेस गठबंधन की पूरी ताकत के बावजूद कांग्रेस के युवराज राहुल गांधी जी का प्रयागराज दौरा फ्लॉप शो साबित हुआ।’’ उन्होंने पोस्ट में कहा, ‘‘कांग्रेस कार्यकर्ता सम्मेलन को ‘छात्रों का कार्यक्रम’ बताकर राजनीतिक असफलता पर पर्दा नहीं डाला जा सकता।’’ भाजपा नेता ने कहा, ‘‘देश की तरुणाई कांग्रेस का दोहरा चरित्र देख रही है। जिन राज्यों में कांग्रेस सत्ता में भागीदार है, वहां के सवालों पर चुप्पी और भाजपा शासित राज्यों में उन्हीं मुद्दों पर हल्ला-गुल्ला।

अखिलेश यादव का सहारा भी प्रयागराज में राहुल गांधी के लिए तिनका साबित हुआ।’’ उन्होंने कहा कि सपा और कांग्रेस चाहे जितना गठबंधन और राजनीतिक जोड़-तोड़ कर लें, उत्तर प्रदेश की जनता विकास, सुशासन और राष्ट्रहित की राजनीति के साथ है। उप मुख्यमंत्री ने पोस्ट में यह भी दावा किया कि प्रयागराज सहित पूरे उत्तर प्रदेश का युवा प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के साथ था, है और रहेगा। उन्होंने दावा किया कि यही जनसमर्थन 2027 में सपा-कांग्रेस गठबंधन को परास्त करेगा और उत्तर प्रदेश में लगातार तीसरी बार प्रचंड बहुमत की भाजपा सरकार बनाएगा।

राहुल गांधी ने आज प्रयागराज में ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम को सम्बोधित किया और सत्तारूढ़ भाजपा पर देश के छात्रों के साथ अन्याय करने के आरोप लगाये और युवाओं का आह्वान किया कि वे नफरत नहीं बल्कि मोहब्बत से देश के तंत्र को बदलें।

All the updates here:

अन्य न्यूज़