Ladakh में High Court पीठ की होगी स्थापना, अमित शाह बोले- दूर-दराज तक पहुंचेगा न्याय

Prabhasakshi Image
Prabhasakshi

केंद्र सरकार ने लद्दाख में जम्मू-कश्मीर उच्च न्यायालय की एक पीठ स्थापित करने का निर्णय लिया है, जिससे क्षेत्र के नागरिकों को कानूनी सहायता प्राप्त करने में कम समय लगेगा। गृह मंत्री अमित शाह ने बताया कि इस फैसले से दूर-दराज इलाकों के लोगों के लिए उच्च न्यायपालिका तक पहुंच सुलभ होगी। इसके साथ ही सरकार ने लद्दाख के सर्वांगीण विकास और संवैधानिक सुरक्षा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई है।

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने बृहस्पतिवार को कहा कि लद्दाख में जम्मू-कश्मीर उच्च न्यायालय की एक पीठ स्थापित करने के केंद्रीय मंत्रिमंडल के फैसले से इस केंद्र-शासित प्रदेश के दूर-दराज के इलाकों में रहने वाले नागरिकों के लिए न्याय तक पहुंच काफी बेहतर होगी। शाह ने लद्दाख का सर्वांगीण विकास और संवैधानिक सुरक्षा सुनिश्चित करने की केंद्र की प्रतिबद्धता भी दोहराई। लद्दाख के उपराज्यपाल विनय कुमार सक्सेना ने इस “ऐतिहासिक फैसले” का स्वागत किया और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी तथा गृह मंत्री शाह का आभार जताया।

शाह ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में लद्दाख में जम्मू-कश्मीर उच्च न्यायालय की एक पीठ स्थापित करने के केंद्रीय मंत्रिमंडल के फैसले की जानकारी दी। उन्होंने लिखा, “प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में केंद्रीय मंत्रिमंडल ने लद्दाख में जम्मू-कश्मीर उच्च न्यायालय की एक पीठ स्थापित करने का फैसला लिया है। इससे लद्दाख के दूर-दराज के इलाकों में रहने वाले नागरिकों के लिए न्याय तक पहुंच काफी बेहतर होगी, क्योंकि उन्हें कानूनी सेवाएं हासिल करने में लगने वाला समय घट जाएगा।” शाह ने कहा, “सरकार लद्दाख का सर्वांगीण विकास और संवैधानिक सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए पूरी तरह से प्रतिबद्ध है।” अधिकारियों ने कहा कि उच्च न्यायालय की पीठ की स्थापना से लद्दाख के लोगों की उच्च न्यायपालिका तक आसान और त्वरित पहुंच उपलब्ध कराने की लंबे समय से चली आ रही मांग पूरी होने की उम्मीद है।

उपराज्यपाल सक्सेना ने कहा कि उच्च न्यायालय की पीठ की स्थापना से न केवल तीव्र न्याय सुनिश्चित होगा, बल्कि लद्दाख के सर्वांगीण विकास के प्रति सरकार की “अटूट प्रतिबद्धता” की भी पुष्टि होगी। उन्होंने ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, “इस ऐतिहासिक फैसले के लिए प्रधानमंत्री और गृह मंत्री का बहुत-बहुत धन्यवाद! लद्दाख में उच्च न्यायालय की पीठ स्थापित करने से न केवल तेजी से न्याय मिलना सुनिश्चित होगा, बल्कि इससे लद्दाख के सर्वांगीण विकास और वहां के लोगों की लंबे समय से चली आ रही सामूहिक आकांक्षाओं को पूरा करने की सरकार की अटूट प्रतिबद्धता भी फिर से साबित हुई है।

All the updates here:

अन्य न्यूज़