महाराष्ट्र कांग्रेस ने राहुल गांधी को पार्टी अध्यक्ष बनाने के लिए प्रस्ताव पारित किया

Rahul Gandhi
ANI

महाराष्ट्र प्रदेश कांग्रेस समिति (एमपीसीसी) ने एक प्रस्ताव पारित कर राहुल गांधी को पार्टी अध्यक्ष बनाने की मांग की है। यह प्रस्ताव ऐसे समय पर पारित किया गया है जब कांग्रेस अध्यक्ष पद के चुनाव के लिए कुछ दिनों में अधिसूचना जारी की जानी है।

मुंबई। महाराष्ट्र प्रदेश कांग्रेस समिति (एमपीसीसी) ने एक प्रस्ताव पारित कर राहुल गांधी को पार्टी अध्यक्ष बनाने की मांग की है। यह प्रस्ताव ऐसे समय पर पारित किया गया है जब कांग्रेस अध्यक्ष पद के चुनाव के लिए कुछ दिनों में अधिसूचना जारी की जानी है। दक्षिण मुंबई के वाई बी चव्हाण केंद्र में एमपीसीसी के 553 प्रतिनिधियों की हुई बैठक में राहुल गांधी को अध्यक्ष बनाने का प्रस्ताव पारित किया। राजस्थान और छत्तीसगढ़ की कांग्रेस इकाइयों ने भी राहुल गांधी को पार्टी अध्यक्ष बनाने के लिए प्रस्ताव पारित किया है।

इसे भी पढ़ें: अपनी आने वाली फिल्म रिलीज के बाद सिनेमा जगत को अलविदा कहेंगे वुडी एलन

कांग्रेस की केवल इन दो राज्यों में ही अपने बल पर सरकार है। कांग्रेस की गुजरात इकाई ने भी रविवार को राहुल गांधी को अध्यक्ष बनाने की मांग की। पार्टी द्वारा जारी एक बयान के मुताबिक, महाराष्ट्र प्रदेश कांग्रेस समिति की बैठक में प्रस्ताव राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक चव्हाण ने पेश किया जिसका अनुमोदन नसीम खान और चंद्रकांत हनडोरे सहित विभिन्न वरिष्ठ नेताओं ने किया और प्रस्ताव को सर्वसम्मति से पारित कर दिया गया। उल्लेखनीय है कि महाराष्ट्र कांग्रेस अध्यक्ष नाना पटोले ने एक प्रस्ताव पेश किया जिसमें कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष को राज्य इकाई के अध्यक्ष, पदाधिकारियों और अखिल भारतीय कांग्रेस समिति (एआईसीसी) के प्रतिनिधियों को नियुक्त करने के लिए अधिकृत करने का प्रावधान है।

इसे भी पढ़ें: सीबीआई ने शिक्षक भर्ती घोटाले में उत्तर बंग विश्वविद्यालय के कुलपति को गिरफ्तार किया

इस प्रस्ताव का कांग्रेस विधायक दल के नेता बालासाहेब थोराट ने अनुमोदन किया और सर्वसम्मति से इस प्रस्ताव को मंजूरी दे दी गई। बयान के मुताबिक, यह बैठक संगठन चुनाव के लिए नियुक्त राज्य पीठासीन अधिकारी पल्लम राजू, राज्य में पार्टी प्रभारी एचके पाटिल, पूर्व मुख्यमंत्री अशोक चव्हाण, पृथ्वीराज चव्हाण और पटोले की मौजूदगी में हुई। कांग्रेस अध्यक्ष पद के चुनाव के लिए अधिसूचना 22 सितंबर को जारी की जाएगी और नामांकन दाखिल करने की प्रक्रिया 24 से 30 सितंबर तक चलेगी। नामांकन वापस लेने की अंतिम तिथि आठ अक्टूबर है। एक से अधिक उम्मीदवार होने पर 17 अक्टूबर को मतदान होगा और नतीजे 19 अक्टूबर को घोषित किये जाएंगे।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


We're now on WhatsApp. Click to join.
All the updates here:

अन्य न्यूज़