महर्षि वाल्मीकि ने श्रीराम के चरित्र का साक्षात्कार कराकर ऊर्जा का संचार किया : योगी आदित्यनाथ

Yogi Adityanath
ANI

उत्तर प्रदेश के मुख्‍यमंत्री योगी आदित्‍यनाथ ने रविवार को कहा कि महर्षि वाल्मीकि ने अपनी अमर रचना के माध्यम से देश और दुनिया को भगवान श्रीराम के पावन चरित्र से साक्षात्कार कराकर प्रत्येक नागरिक के मन में सकारात्मक ऊर्जा के भाव का संचार किया। सरकार की ओर से जारी विज्ञप्ति में यह जानकारी दी गई है।

लखनऊ। उत्तर प्रदेश के मुख्‍यमंत्री योगी आदित्‍यनाथ ने रविवार को कहा कि महर्षि वाल्मीकि ने अपनी अमर रचना के माध्यम से देश और दुनिया को भगवान श्रीराम के पावन चरित्र से साक्षात्कार कराकर प्रत्येक नागरिक के मन में सकारात्मक ऊर्जा के भाव का संचार किया। सरकार की ओर से जारी विज्ञप्ति में यह जानकारी दी गई है। इसके मुताबिक मुख्यमंत्री योगी ने रविवार को यहां परिवर्तन चौक पर स्थित महर्षि वाल्मीकि आश्रम में आयोजित आदि कवि महर्षि वाल्मीकि जन्मोत्सव समारोह में प्रदेशवासियों को बधाई एवं शुभकामनाएं दी और कहा कि आज शरद पूर्णिमा का पावन पर्व है।

इसे भी पढ़ें: लालू प्रसाद की पार्टी ने मोदी सरकार को चेताया, भाजपा की 303 सीट की यात्रा 2024 से उल्टी दिशा में बढ़ना शुरू होगी

उन्‍होंने कहा कि मान्यता है कि आज चंद्रमा सबसे अधिक चमकीला दिखाई देता है और धरती के सबसे नजदीक होता है, इसका अपना आध्यात्मिक महत्व है। योगी ने कहा कि इस धरा धाम पर चन्द्रमा जैसी शीतलता प्रदान कर हम सभी को मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्रीराम की भक्ति के साथ सराबोर करने वाले त्रिकालदर्शी महर्षि वाल्मीकि की आज पावन जयंती है।’’ भगवान श्रीराम के जीवन चरित्र पर आधारित महाकाव्य रामायण की रचना महर्षि वाल्मीकि ने की थी।

इसे भी पढ़ें: महबूबा मुफ्ती ने राहुल की ‘भारत जोड़ो’ यात्रा की प्रशंसा की, भाजपा को लोकतंत्र ‘कुचलने’ के लिए आड़े हाथ लिया

उन्‍होंने कहा कि मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्रीराम के पावन चरित्र को जनता तक पहुंचाने का श्रेय अगर किसी को जाता है, तो वह त्रेता युग में महर्षि वाल्मीकि को और कलयुग में संत तुलसीदास को है। मुख्यमंत्री ने कहा कि भगवान श्रीराम ने वनवास के दौरान सर्वाधिक समय चित्रकूट में व्यतीत किया था। चित्रकूट के लालापुर में महर्षि वाल्मीकि की पावन साधना स्थली तथा राजापुर में तुलसीदास जी की पावन जन्मभूमि स्थित है। प्रदेश सरकार द्वारा इन दोनों स्थलों का सुंदरीकरण करके पर्यटन की दृष्टि से विकसित किया जा रहा है।

लालापुर में पहाड़ी की चोटी पर रोपवे के निर्माण की कार्यवाही भी युद्ध स्तर पर की जा रही है। इसके पूर्व मुख्‍यमंत्री ने महर्षि वाल्मीकि की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने रामचरितमानस की चौपाइयों को भी सुना। मुख्यमंत्री का महर्षि वाल्मीकि का चित्र और पुष्प देकर स्वागत किया गया। इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक, लखनऊ की महापौर संयुक्ता भाटिया समेत कई प्रमुख लोग उपस्थित थे।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


We're now on WhatsApp. Click to join.
All the updates here:

अन्य न्यूज़