Shaheed Express में बैग में रखे पोटाश-सल्फर से लगी आग, RPF ने यात्री को किया अरेस्ट

बिजनौर जिले में शहीद एक्सप्रेस के स्लीपर कोच में सल्फर और पोटाश का मिश्रण ले जाने के आरोप में एक व्यक्ति को पकड़ा गया है। बैग में रखी सामग्री में घर्षण होने से शुक्रवार रात धुआं उठा था, जिसके बाद ट्रेन को रोककर आग पर काबू पा लिया गया। इस घटना में किसी भी यात्री को चोट नहीं आई है।
बिजनौर जिले में शहीद एक्सप्रेस ट्रेन के एक स्लीपर कोच में आग लगने के मामले में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है। व्यक्ति पर अपने बैग में सल्फर-पोटाश का मिश्रण ले जाने का आरोप है। रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) ने सोमवार को यह जानकारी दी।
आरपीएफ धामपुर चौकी के प्रभारी चेतन कुमार ने बताया कि कुशीनगर निवासी दीपक कुमार को रविवार को गिरफ्तार किया गया। उन्होंने बताया कि आरपीएफ की जांच में दीपक कुमार के बैग से यह मिश्रण मिला था, जो एस-6 कोच में रखा हुआ था। उन्होंने बताया कि यह घटना शुक्रवार रात की है, जब अमृतसर से जयनगर जा रही ट्रेन के स्लीपर कोच में धुआं दिखाई देने पर उसे रोक दिया गया।
कुमार ने बताया कि समय रहते आग पर काबू पा लिया गया, जिससे कोई बड़ा नुकसान नहीं हुआ। उन्होंने बताया कि आरपीएफ की जांच में पता चला है कि बैग में रखे सल्फर-पोटाश के मिश्रण में घर्षण (रगड़) होने के कारण आग लगी थी। उन्होंने बताया कि इस घटना में कोई घायल नहीं हुआ।
अन्य न्यूज़














