Marco Rubio ने Mumbai में 26/11 स्मारक पर दी श्रद्धांजलि, सुरक्षा प्रमुख से ली हमले की जानकारी

Marco Rubio ने Mumbai में 26/11 स्मारक पर दी श्रद्धांजलि, सुरक्षा प्रमुख से ली हमले की जानकारी
प्रतिरूप फोटो
AI-Generated

अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रूबियो ने मुंबई के ताज महल पैलेस होटल पहुंचकर 26/11 आतंकी हमले के 166 पीड़ितों को नमन किया। इस दौरान होटल के सुरक्षा प्रमुख सुनील कुडियाडी ने उन्हें हमले के घटनाक्रम से अवगत कराया।

अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रूबियो को मंगलवार को ताजमहल पैलेस होटल के सुरक्षा प्रमुख सुनील कुडियाडी ने होटल में आयोजित श्रद्धांजलि कार्यक्रम के दौरान 26/11 के मुंबई आतंकी हमले के बारे में जानकारी दी। रूबियो ने 26 नवंबर 2008 को हुए आतंकवादी हमलों में मारे गए छह अमेरिकियों सहित 166 पीड़ितों को श्रद्धांजलि देने के लिए इस होटल में बने 26/11 स्मारक पर पुष्पचक्र अर्पित किया। विदेश मंत्री एस जयशंकर ने रूबियो को बताया कि जिस समय यह आतंकी हमला हुआ था, उस समय कुडियाडी होटल में ही मौजूद थे।

दक्षिण मुंबई स्थित ताज महल पैलेस होटल 26/11 के हमलों में निशाना बनाए गए प्रमुख प्रतिष्ठानों में से एक था। इसके अलावा, छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस, लियोपोल्ड कैफे, ओबेरॉय ट्राइडेंट, कामा अस्पताल और नरीमन हाउस को भी निशाना बनाया गया था। रूबियो ने कहा, “हम हमले में जान गंवाने वालों को याद करते हैं, जवाबी कार्रवाई करने वालों के साहस को सलाम करते हैं और अमेरिका-भारत की मजबूत साझेदारी तथा आतंकवाद से मुकाबले के साझा संकल्प को दोहराते हैं।” रूबियो अपनी तीन दिवसीय भारत यात्रा के पहले चरण में मंगलवार अपराह्न मुंबई पहुंचे।

वह बुधवार सुबह गुजरात के जामनगर के लिए रवाना होंगे। यह उनकी भारत यात्रा का दूसरा दिन होगा।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़