Meerut में सड़क हादसे का शिकार हुई School Bus, 14 बच्चे घायल

मेरठ के रोहटा थाना क्षेत्र में बुधवार सुबह एक स्कूल बस के दुर्घटनाग्रस्त हो जाने से उसमें सवार 14 बच्चे घायल हो गए। पुलिस ने चालक को हिरासत में लेकर जांच शुरू कर दी है और सभी घायल बच्चों को अस्पताल पहुंचाया गया है।
मेरठ जिले में बुधवार सुबह एक स्कूल बस दुर्घटनाग्रस्त हो गई, जिससे उसमें सवार 14 बच्चे चोटिल हो गये। पुलिस ने बस चालक को हिरासत में लेकर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। अपर पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण क्षेत्र) अभिजीत कुमार ने बताया कि रोहटा थाना क्षेत्र के चिंदौड़ी-सतवई मार्ग पर सुबह करीब सात बजे स्कूल बस दुर्घटनाग्रस्त होने की सूचना मिली।
उन्होंने बताया कि पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घायल बच्चों को अस्पताल पहुंचाया और उनके परिजनों को सूचना दी। कुमार ने बताया कि बस में कुल 19 बच्चे सवार थे, जिनमें से 14 को मामूली चोटें आई हैं और उनमें से दो बच्चों का अस्पताल में उपचार किया जा रहा है, जबकि बाकी घायल बच्चों को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई। उन्होंने बताया कि सभी बच्चे खतरे से बाहर हैं।
कुमार ने बताया कि बस चालक को हिरासत में ले लिया गया है और पुलिस दुर्घटना के कारणों का पता लगाने के लिए साक्ष्य जुटा रही है। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और बस में फंसे बच्चों को बाहर निकालने के लिए ग्रामीणों ने उसके शीशे तोड़े और घायलों को अस्पताल पहुंचाने में मदद की। घटना की सूचना मिलने पर बच्चों के परिजन और ग्रामीण भी मौके पर पहुंच गए।
स्थानीय लोगों के अनुसार, परिजनों ने स्कूल पहुंचकर प्रबंधन के सामने बच्चों की सुरक्षा को लेकर नाराजगी जताई।
अन्य न्यूज़













