तमिलनाडु में जेल ब्रेक घटनाओं पर MK Stalin ने TVK सरकार पर साधा निशाना

Prabhasakshi Image
Prabhasakshi

द्रमुक अध्यक्ष एम. के. स्टालिन ने पुझल और थेनी जेलों से कैदियों के भागने के बाद राज्य की कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठाए हैं। उन्होंने मशहूर सीरीज ब्रेकिंग बैड और प्रिजन ब्रेक का हवाला देते हुए प्रशासन पर तीखा तंज कसा। स्टालिन के मुताबिक थेनी उप कारागार से 17 विचाराधीन कैदियों का एक साथ फरार होना बेहद चिंताजनक है।

पुझल और थेनी जेलों से एक के बाद एक कैदियों के भागने की घटनाओं के बाद, द्रमुक अध्यक्ष एम. के. स्टालिन ने मंगलवार को कानून-व्यवस्था की स्थिति को लेकर तमिलगा वेत्री कषगम (टीवीके) के नेतृत्व वाली सरकार पर तीखा हमला बोला। इस दौरान उन्होंने मशहूर अमेरिकी सीरीज ‘ब्रेकिंग बैड’ और ‘प्रिजन ब्रेक’ का जिक्र किया। थेनी उप कारागार से 17 विचाराधीन कैदियों के भाग जाने पर प्रतिक्रिया देते हुए, उन्होंने कहा कि यह सरकार किसी मतलब की नहीं है।

‘एक्स’ पर एक पोस्ट में उन्होंने कहा, “ ‘ब्रेकिंग बैड’ के बाद, अब तमिलनाडु में ‘प्रिजन ब्रेक’ शुरू हो गया है।” सुपरहिट अमेरिकी सीरीज ‘ब्रेकिंग बैड’ में एक हाई स्कूल शिक्षक के मेथामफेटामाइन बनाने वाले व्यक्ति में बदलने की कहानी दिखाई गई है। ‘प्रिजन ब्रेक’ एक ऐसे इंजीनियर के बारे में है, जो अपने भाई को जेल से बाहर निकालने में मदद करता है, जब उसे किसी अपराध के लिए गलत तरीके से दोषी ठहरा दिया जाता है। स्टालिन ने तीखी आलोचना करते हुए कहा, “मुझे लगा था कि केवल जमानत पर बाहर आए अपराधियों पर ही नजर नहीं रखी जा रही है।

यह सरकार तो जेल के अंदर बंद कैदियों को भी भागने देने पर आमादा है।” उन्होंने कहा, “पुझल केंद्रीय कारागार से दो कैदियों के भागने के सदमे से हम उबर भी नहीं पाए थे कि अब थेनी जिला जेल से 17 कैदी भाग गए हैं।” उन्होंने कहा, “जानकारों का मानना ​​है कि 1995 के बाद यह पहली बार है जब एक साथ इतने सारे कैदी भाग निकले हैं।”

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़