Gwalior सड़क हादसे पर CM Mohan Yadav ने दिए जांच के आदेश, मृतकों के परिजनों को 4 लाख का मुआवजा

ग्वालियर में रविवार तड़के एक अनियंत्रित ट्रक ने मंदिर के बाहर मौजूद कई श्रद्धालुओं को कुचल दिया, जिसमें 14 लोगों की मौत हो गई और 28 अन्य घायल हुए। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने घटना पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए जिला प्रशासन से विस्तृत जांच रिपोर्ट मांगी है।
मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने रविवार को ग्वालियर जिले में एक ट्रक द्वारा मंदिर के बाहर श्रद्धालुओं को कुचले जाने की घटना पर दुख जताया और हादसे की जांच के आदेश दिए। यादव ने इंदौर में संवाददाताओं से कहा, ‘‘प्रतिबंधित क्षेत्र में ट्रक के घुसने के कारण यह दुर्घटना हुई।’’ मुख्यमंत्री ने हादसे में जान गंवाने वाले लोगों को श्रद्धांजलि दी और कहा कि उन्होंने जिला प्रशासन को हादसे की तथ्यपरक जांच करके रिपोर्ट सौंपने के आदेश दिए हैं। यादव ने कहा कि हादसे में जान गंवाने वाले लोगों के परिजनों को चार-चार लाख रुपये की सहायता दी जाएगी और गंभीर रूप से घायल लोगों का इलाज सरकार कराएगी।
उन्होंने कहा कि हादसे में घायल अन्य लोगों को भी 50-50 हजार रुपये की सहायता दी जाएगी। ग्वालियर जिले में रविवार तड़के एक तेज रफ्तार ट्रक ने मंदिर के बाहर कई श्रद्धालुओं को कुचल दिया और फिर मंदिर के प्रवेश द्वार से टकरा गया। पुलिस के अनुसार हादसे में 14 लोगों की मौत हो गई और 28 अन्य लोग घायल हो गए।
अन्य न्यूज़













