Imran Khan को Mumbai Police का नोटिस, विरोध प्रदर्शन में शामिल होने पर 28 अक्टूबर तक देश छोड़ने का आदेश

अमेरिकी नागरिकता रखने वाले बॉलीवुड अभिनेता Imran Khan ने 10 अक्टूबर को मुंबई में मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग वाले एक विरोध प्रदर्शन में हिस्सा लिया था, जिसके बाद पुलिस ने उन पर कार्रवाई की है। अधिकारियों के अनुसार आप्रवास और विदेशियों विषयक अधिनियम के तहत किसी भी विदेशी नागरिक को भारत में राजनीतिक गतिविधियों या प्रदर्शनों में शामिल होने की अनुमति नहीं है। भाजपा के पूर्व सांसद किरीट सोमैया की मांग के बाद अभिनेता को औपचारिक नोटिस सौंप दिया गया है और प्रशासनिक कार्यवाही जारी है।
मुंबई पुलिस ने आप्रवास और विदेशियों विषयक अधिनियम के प्रावधानों के कथित उल्लंघन के मामले में बॉलीवुड अभिनेता एवं अमेरिकी नागरिक इमरान खान को 28 अक्टूबर तक भारत छोड़ने का नोटिस जारी किया है। अधिकारियों ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी। पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि अमेरिकी नागरिकता रखने वाले अभिनेता इमरान खान के खिलाफ यह कार्रवाई 10 अक्टूबर को मुंबई में हुए एक विरोध प्रदर्शन में उनके भाग लेने के बाद की गई है, जहां प्रदर्शनकारी मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग कर रहे थे।
इमरान खान, अभिनेता आमिर खान के भांजे हैं। प्रदर्शन के दौरान पुलिस ने अभिनेता को हिरासत में भी लिया था। पुलिस अधिकारी ने कहा, ‘‘इमरान खान के पास विदेशी नागरिकता है और वह भारतीय नागरिक नहीं हैं।
आप्रवास और विदेशियों विषयक अधिनियम के संबंधित प्रावधानों के तहत किसी भी विदेशी नागरिक को भारत में राजनीतिक विरोध प्रदर्शनों या राजनीतिक गतिविधियों में हिस्सा लेने की अनुमति नहीं है।’’ पुलिस ने बताया कि अभिनेता को 28 अक्टूबर तक देश छोड़ने का औपचारिक नोटिस दे दिया गया है और उन्होंने इसकी प्रति प्राप्त कर ली है। उसने बताया कि इस मामले में प्रशासनिक कार्यवाही जारी है। इससे पहले, भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के पूर्व सांसद किरीट सोमैया ने इमरान खान के ‘‘विदेशी नागरिक’’ होने के बावजूद कॉकरोच जनता पार्टी का समर्थन करते हुए प्रदर्शन में शामिल होने पर अभिनेता के खिलाफ कार्रवाई की मांग की थी और मुंबई पुलिस से यह स्पष्ट करने का आग्रह किया था कि क्या कोई विदेशी नागरिक ऐसे आंदोलनों में भाग ले सकता है।
अन्य न्यूज़














