New Usmanpur में घर की छत गिरने से दंपति की मौत, एक बच्चा सुरक्षित बचाया गया

New Usmanpur में घर की छत गिरने से दंपति की मौत, एक बच्चा सुरक्षित बचाया गया
प्रतिरूप फोटो

दिल्ली के न्यू उस्मानपुर इलाके में रविवार रात को एक मंजिला मकान की छत गिरने से एक दंपति की मौत हो गई जबकि एक बच्चे को सुरक्षित बचा लिया गया। पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी देते हुए बताया कि मृतकों की पहचान टिंकू और उसकी पत्नी उर्मिला के रूप में हुई है।

नयी दिल्ली, तीन अगस्त दिल्ली के न्यू उस्मानपुर इलाके में एक मंजिला मकान की छत गिरने से एक दंपति की मौत हो गई। हालांकि, हादसे में एक बच्चे को सुरक्षित बचा लिया गया। पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी।

पुलिस ने बताया कि घटना रविवार रात करीब 10 बजे न्यू उस्मानपुर थाना क्षेत्र के जेपी नगर में हुई। उन्होंने बताया कि दंपति किराए के मकान में था तभी घर की छत अचानक ढह गयी जिससे वे मलबे में फंस गए। पुलिस ने बताया कि इमारत गिरने की सूचना मिलने के बाद पुलिस के अलावा दमकलकर्मी और बचाव दल मौके पर पहुंचे और बचाव अभियान शुरू किया।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि दंपति को मलबे से निकालकर अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। उनके मुताबिक, मृतकों की पहचान टिंकू (32) और उसकी पत्नी उर्मिला (30) के रूप में हुई है। पुलिस ने कहा कि छत ढहने का कारण अब तक पता नहीं चल पाया है।

घटना की जांच की जा रही है। पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि मकान मालिक वीरेंद्र कुमार के खिलाफ न्यू उस्मानपुर थाने में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) धारा 290(इमारतों को गिराने, मरम्मत करने या निर्माण करने आदि के संबंध में लापरवाही भरा आचरण) और 106 (1) (लापरवाही से मौत) के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है।

All the updates here:

अन्य न्यूज़