Rajkot में रिफाइनरी कर्मी की हत्या कर 1.53 करोड़ की लूट, नौ आरोपी गिरफ्तार

Rajkot में रिफाइनरी कर्मी की हत्या कर 1.53 करोड़ की लूट, नौ आरोपी गिरफ्तार
प्रतिरूप फोटो
AI-Generated

गुजरात के राजकोट में एक सोना-चांदी रिफाइनरी के कर्मचारी की गोली मारकर हत्या करने और 1.53 करोड़ रुपये की संपत्ति लूटने के मामले में पुलिस ने नौ लोगों को पकड़ा है। अधिकारियों के मुताबिक लूटा गया सोना और चांदी बरामद कर लिया गया है। वारदात को अंजाम देने वाले आरोपी मूल रूप से उत्तर प्रदेश के निवासी हैं, जिन्हें राजस्थान पुलिस की मदद से पकड़ा गया।

गुजरात के राजकोट शहर में कीमती धातुओं की रिफाइनरी के एक कर्मचारी की गोली मारकर हत्या करने और करीब 1.53 करोड़ रुपये मूल्य का सोना-चांदी लूटने के मामले में नौ लोगों को गिरफ्तार किया गया है। एक अधिकारी ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी। राजकोट जोन-एक की पुलिस उपायुक्त हेतल पटेल ने बताया कि गिरफ्तार किए गए सभी आरोपी राज्य के बाहर के रहने वाले हैं और लूटी गई संपत्ति बरामद कर ली गई है।

उन्होंने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि थोराला थाना क्षेत्र में स्थित सोना-चांदी रिफाइनरी ‘तन्वी एक्सपोर्ट्स इंडिया लिमिटेड’ के कर्मचारी लालजीभाई सरधारा (53) पर बुधवार शाम चार अज्ञात लोगों ने हमला किया था। प्राथमिकी के अनुसार, सरधारा रिफाइनरी से 946 ग्राम वजन की सोने की छड़ें और दो किलोग्राम परिष्कृत चांदी के पाउडर से भरा बैग लेकर निकले थे। सोने की छड़ों का मूल्य करीब 1.48 करोड़ रुपये और चांदी के पाउडर का मूल्य 4.3 लाख रुपये बताया गया है।

कंपनी के साझेदार बिपिनभाई विरदिया की शिकायत के अनुसार, चार आरोपियों में से दो मरून रंग की कार से उतरे और सरधारा से बैग छीनने की कोशिश की। शिकायत में कहा गया है कि जब सरधारा और सुरक्षा गार्ड बावनजी बाबूजी पढियार ने विरोध किया, तो सफेद कमीज पहने एक आरोपी ने कथित तौर पर बंदूक निकालकर सरधारा को गोली मार दी। इसके बाद आरोपी बैग लेकर कार से फरार हो गए।

प्राथमिकी के अनुसार, सरधारा को एक निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। शिकायतकर्ता ने बताया कि कंपनी अपनी मुख्य इकाई से करीब 40 मीटर दूर स्थित रिफाइनरी से परिष्कृत सोना और चांदी सुरक्षा कर्मियों की निगरानी में युग बिल्डिंग स्थित आभूषण निर्माण इकाई तक पहुंचाती है। अधिकारियों ने बताया कि इस मामले में भारतीय न्याय संहिता, शस्त्र अधिनियम और गुजरात पुलिस अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है।

इसके बाद कथित लुटेरों को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस उपायुक्त जगदीश बांगरवा ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी मूल रूप से उत्तर प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों के रहने वाले हैं। उन्होंने कहा कि आरोपियों को राजस्थान पुलिस की मदद से गिरफ्तार किया गया।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़