Nirmal Ghosh पर खरदह में भीड़ का हमला, RG Kar case में हुए थे गिरफ्तार

Nirmal Ghosh पर खरदह में भीड़ का हमला, RG Kar case में हुए थे गिरफ्तार
प्रतिरूप फोटो
AI-Generated

पश्चिम बंगाल के उत्तर 24 परगना जिले में आरजी कर अस्पताल मामले में गिरफ्तार तृणमूल कांग्रेस के पूर्व विधायक निर्मल घोष पर खरदह थाने के बाहर भीड़ ने हमला कर दिया। सुरक्षाकर्मियों द्वारा बैरकपुर उपमंडलीय अदालत ले जाते समय लोगों ने उन पर जूते-चप्पल, अंडे और कीचड़ फेंके तथा नारेबाजी की। पीड़िता के पिता की शिकायत के बाद हुई कार्रवाई में पूर्व पार्षद संजीव मुखर्जी को भी पुलिस ने गिरफ्तार किया है।

आरजी कर अस्पताल दुष्कर्म-हत्या मामले में एक दिन पहले ओडिशा से गिरफ्तार किए गए तृणमूल कांग्रेस के पूर्व विधायक निर्मल घोष पर शुक्रवार को पश्चिम बंगाल के उत्तर 24 परगना जिले में एक थाने के बाहर भीड़ ने हमला कर दिया। आरजी कर अस्पताल में दुष्कर्म के बाद एक महिला चिकित्सक की हत्या कर दी गयी थी। पीड़िता का ‘जल्दबाजी में अंतिम संस्कार’ किए जाने में कथित संलिप्तता के लिए घोष को एक दिन पहले गिरफ्तार किया गया था।

घोष को जब सुरक्षाकर्मी खरदह थाने के बाहर जेल वैन तक ले जा रहे थे, तब भीड़ ने उन पर हमला किया। उन्हें बैरकपुर उपमंडलीय अदालत में पेश करने के लिए ले जाया जा रहा था। पुलिस और त्वरित कार्य बल (आरएएफ) के जवानों की कड़ी सुरक्षा के बावजूद भीड़ ने उन पर जूते-चप्पल, अंडे और कीचड़ भी फेंका।

घोष को बचाने के लिए पुलिसकर्मियों ने उनके सिर को हेलमेट से ढक दिया था। बैरकपुर अदालत में भी लोगों ने घोष को देखकर “चोर-चोर” के नारे लगाए। इसी तरह का विरोध एक अन्य आरोपी संजीव मुखर्जी को भी झेलना पड़ा।

मुखर्जी महिला चिकित्सक का पड़ोसी और तृणमूल का पूर्व पार्षद है। पुलिसकर्मी जब उसे अदालत ले जाने के लिए वाहन तक पहुंचाने की कोशिश कर रहे थे, तब लोगों ने उसके खिलाफ भी नारेबाजी की और विरोध किया। पुलिस ने बताया कि मामले में तीसरा आरोपी पानीहाटी नगरपालिका का पूर्व अध्यक्ष सोमनाथ डे अब भी फरार है।

आरोपियों की गिरफ्तारी पीड़िता के पिता द्वारा सोमवार को दर्ज कराई गई एक नयी शिकायत के बाद हुई।

All the updates here:

अन्य न्यूज़