श्रीनगर सरकारी मेडिकल कॉलेज में बढ़ेंगी एमबीबीएस की 50 और सीटें, एनएमसी ने दी मंजूरी

राष्ट्रीय आयुर्विज्ञान आयोग (एनएमसी) ने श्रीनगर के सरकारी मेडिकल कॉलेज (जीएमसी) में एमबीबीएस की 50 अतिरिक्त सीटों को मंजूरी दे दी है। इसके बाद शैक्षणिक वर्ष 2026-27 से कॉलेज में कुल सीटों की संख्या 200 से बढ़कर 250 हो जाएगी। इस फैसले से जम्मू-कश्मीर में चिकित्सा शिक्षा और स्वास्थ्य सेवा प्रणाली को मजबूती मिलेगी।
जम्मू-कश्मीर में चिकित्सा शिक्षा के क्षेत्र में एक बड़ा कदम उठाते हुए राष्ट्रीय आयुर्विज्ञान आयोग (एनएमसी) ने श्रीनगर के सरकारी मेडिकल कॉलेज (जीएमसी) में एमबीबीएस की 50 अतिरिक्त सीटों को मंजूरी दे दी है। एक आधिकारिक प्रवक्ता ने इस महत्वपूर्ण फैसले की जानकारी दी, जिससे चिकित्सा की पढ़ाई करने वाले छात्रों को बड़ी राहत मिलेगी।
इस नई मंजूरी के बाद जीएमसी श्रीनगर में एमबीबीएस सीटों की कुल संख्या आगामी शैक्षणिक वर्ष 2026-27 से बढ़कर 250 हो जाएगी, जो वर्तमान में 200 है। स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा विभाग ने इस संबंध में घोषणा करते हुए कहा कि एनएमसी द्वारा वार्षिक प्रवेश क्षमता बढ़ाने की इस अनुमति से जम्मू-कश्मीर में चिकित्सा शिक्षा और समग्र स्वास्थ्य सेवा प्रणाली को और अधिक मजबूती मिलेगी।
गौरतलब है कि पिछले वर्ष भी जीएमसी श्रीनगर को 20 अतिरिक्त सीटों की मंजूरी मिली थी। अधिकारियों का मानना है कि सीटों में लगातार हो रही इस बढ़ोतरी ने देश के प्रमुख मेडिकल कॉलेजों के बीच जीएमसी श्रीनगर की साख और स्थिति को और अधिक मजबूत कर दिया है।
अन्य न्यूज़














