Noida Encounter: 92 मुकदमों में वांछित दो शातिर लुटेरे पुलिस गोलीबारी में घायल, गिरफ्तार

नोएडा पुलिस ने सेक्टर-41 के पास चेकिंग के दौरान मुठभेड़ के बाद दिल्ली निवासी दो शातिर बदमाशों को दबोच लिया। जवाबी कार्रवाई में दोनों आरोपियों के पैरों में गोली लगी, जिसके बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया। पकड़े गए बदमाशों के पास से चोरी की बाइक, हथियार और दो लाख रुपये से अधिक की नकदी बरामद हुई है।
नोएडा पुलिस ने मुठभेड़ के बाद दो कुख्यात बदमाशों को गिरफ्तार किया है जिनके खिलाफ विभिन्न थानों में कुल 92 मुकदमे दर्ज हैं। एक वरिष्ठ अधिकारी ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। अधिकारी के अनुसार, आरोपियों की पहचान दिल्ली के भजनपुरा निवासी सलमान (29) और तनवीर (37) के रूप में हुई है तथा उनके पास से एक देसी तमंचा, कारतूस, चोरी की मोटरसाइकिल और दो लाख रुपये से अधिक बरामद किए गए हैं।
अपर पुलिस उपायुक्त अभय कुमार मिश्रा ने बताया कि बृहस्पतिवार की मध्य रात्रि को सेक्टर-39 थाने की पुलिस बदमाशों की तलाश में जांच कर रही थी तभी सेक्टर-41 के पास मोटरसाइकिल पर सवार दो संदिग्ध आते दिखाई दिए। उन्होंने बताया कि पुलिस दल ने दोनों को रुकने का इशारा दिया, लेकिन वे तेज गति से मोटरसाइकिल चलाते हुए भागने लगे। इसी बीच सड़क पर जलभराव के कारण उनकी मोटरसाइकिल फिसल गई और दोनों गिर पड़े।
मिश्रा ने दावा किया, ‘‘खुद को घिरता देख बदमाशों ने पुलिस दल पर जान से मारने की नीयत से गोली चलाई।’’ उन्होंने बताया कि पुलिस ने भी जवाबी गोलीबारी की। इस दौरान पैर में गोली लगने से दोनों बदमाश घायल हो गए जिसके बाद पुलिस दल ने उन्हें गिरफ्तार कर अस्पताल में भर्ती कराया। अपर पुलिस उपायुक्त ने कहा, ‘‘पूछताछ के दौरान बदमाशों ने सेक्टर-39 थाना क्षेत्र में एक व्यक्ति से सोने की चेन लूटने की बात स्वीकार की है।
सलमान के खिलाफ पहले से 48 और तनवीर के खिलाफ 44 मुकदमे दर्ज हैं।’’ उन्होंने बताया कि दोनों बदमाश राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र में लूटपाट करते थे।
अन्य न्यूज़













