23 अक्टूबर 2001 को Apple ने पेश किया था पहला iPod, जानें इस तारीख का इतिहास

स्टीव जॉब्स की कंपनी एप्पल ने 23 अक्टूबर 2001 को आईपॉड लॉन्च कर संगीत जगत में बड़ा बदलाव किया था। इसके अलावा यह दिन भारतीय क्रिकेट के दिग्गज स्पिनर बिशन सिंह बेदी के निधन और 1764 के बक्सर युद्ध से भी जुड़ा है।
स्टीव जॉब्स द्वारा वर्ष 1976 में स्थापित की गई कंपनी एप्पल को संचार क्रांति के अगुवा के तौर पर पहचाना जाता है। कंप्यूटर, मोबाइल फोन, आईपॉड समेत ढेरों उत्पाद तैयार करने वाली एप्पल के उत्पाद गुणवत्ता में सबसे बेहतर माने जाते हैं। एप्पल ने ही 2001 में 23 अक्टूबर के दिन आईपॉड को बाजार में पेश किया।
छोटे से आईपॉड ने हजारों गीतों को श्रोताओं की जेब तक पहुंचाने का काम किया और इसे उस समय दुनिया का सबसे सफल तथा क्रांतिकारी उत्पाद माना गया। अपनी आर्म बॉल से लेकर फ्लाइट लेती गेंदों से दुनियाभर के बल्लेबाजों को चकमा देने वाले बिशन सिंह बेदी ने 23 अक्टूबर 2023 को अंतिम सांस ली। भारतीय स्पिन चौकड़ी की उस अबूझ पहेली ने कई साल तक भारतीय क्रिकेट को आगे बढ़ाने में अपना अमूल्य योगदान दिया था।
देश-दुनिया के इतिहास में 23 अक्टूबर की तारीख में दर्ज महत्वपूर्ण घटनाओं का सिलसिलेवार ब्योरा इस प्रकार है:- 1764 : बक्सर की लड़ाई में मीर कासिम की हार। 1850 : महिलाओं के अधिकारों को लेकर अमेरिका में पहली बार राष्ट्रीय महिला अधिकार सम्मेलन शुरू हुआ। 1940 : ‘फुटबॉल के जादूगर’ कहे जाने वाले पेले का जन्म।
ब्राजील का यह खिलाड़ी अपने देश के लिए तीन बार विश्व कप जीतने वाली टीम का हिस्सा रहा। 1943 : नेताजी सुभाष चंद्र बोस द्वारा गठित आजाद हिंद फौज की रानी झांसी ब्रिगेड ने सिंगापुर में प्रशिक्षण शुरू किया। 1956 : बुडापेस्ट में व्यापक प्रदर्शन के साथ हंगरी की क्रांति का सूत्रपात।
सोवियत शासन के खात्मे की मांग को लेकर हंगरी के लाखों लोग सड़कों पर उतर आए। 1956 : विश्व शांति के लिए परमाणु ऊर्जा का योगदान बढ़ाने के उद्देश्य से अंतररराष्ट्रीय परमाणु ऊर्जा एजेंसी की स्थापना के प्रस्ताव को मंजूरी। 1983 : आत्मघाती हमलावरों ने बेरूत में अमेरिका और फ्रांस की सेना की बैरक पर विस्फोटक से भरा ट्रक चढ़ा दिया, जिससे अमेरिका के 241 और फ्रांस के 56 सैन्यकर्मियों की मौत हो गई।
2001 : एप्पल ने आईपॉड बाजार में पेश किया। नयी शताब्दी के शुरुआती वर्षों में इस उत्पाद ने संगीत के क्षेत्र में क्रांति लाने का काम किया। 2002 : मॉस्को में चेचन विद्रोहियों ने एक सांस्कृतिक केन्द्र पर हमला किया और थिएटर देखने आए लगभग 700 लोगों को बंधक बना लिया।
बंधक संकट तीन दिन में खत्म हुआ और कई लोगो की जान चली गई। 2004 : जापान में भूकंप से 85 हजार लोग बेघर। 2005 : नाइजीरियाई एयरलाइन बेलव्यू एयरलाइंस की उड़ान संख्या 210 लागोस के मुर्तला मोहम्मद अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से अबूजा के लिए उड़ान भरने के ठीक बाद ओयो राज्य के लिसा गांव में दुर्घटनाग्रस्त हो गई जिससे विमान में सवार सभी 117 लोगों की मृत्यु हो गई थी।
2010 ताइवान में सुपर टाइफून मेगी के कारण 17 लोगों की मौत हो गई और सुआओ-हुआलीन राजमार्ग पर भीषण भूस्खलन हुआ जिसकी चपेट में एक यात्री बस आ गई जिसमें 21 लोग सवार थे। कई दिनों तक चले खोजी अभियान के बाद मलबे और खाई से केवल कुछ ही शव बरामद किए जा सके थे और अंततः सभी को मृत घोषित कर दिया गया। ‘मेगी’ के कारण फिलीपीन में 31 लोगों की जान गई थी।
इस तरह पूरे क्षेत्र (फिलीपीन और ताइवान मिलाकर) में कुल 69 लोगों ने अपनी जान गंवाई थी। 2011 : तुर्की (अब तुर्किये) में भीषण भूकंप से लगभग 582 लोगों की मौत। 2013 : लाओस में बेहद खराब मौसम में पक्से हवाई अड्डे पर उतरते समय लाओ एयरलाइंस की उड़ान 301 दुघर्टनाग्रस्त हो गई, जिसमें विमान में सवार सभी 49 लोगों की मौत हो गई थी।
2018 : शोधकर्ताओं की एक टीम ने काले सागर की तलहटी में करीब 2,400 साल पुराना एक प्राचीन यूनानी व्यापारिक जहाज खोजा था, जो लगभग सही-सलामत स्थिति में था। 2019 : कैस सईद ने ट्यूनीशिया के राष्ट्रपति पद की शपथ ली। 2022 : भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) के सबसे भारी रॉकेट ‘एलवीएम3-एम2’ ने अपने पहले वाणिज्यिक मिशन के तहत ब्रिटेन की कंपनी के 36 ब्रॉडबैंड संचार उपग्रहों को सफलतापूर्वक निर्धारित कक्षाओं में स्थापित करके इतिहास रच दिया।
2023 : भारत के पूर्व क्रिकेट कप्तान और महान स्पिनर बिशन सिंह बेदी का निधन। उन्होंने एक पारी में 14 बार पांच विकेट और मैच में एक बार 10 विकेट चटकाए थे। 2025 : नाइजीरिया की सेना ने बोको हराम के 50 से अधिक आतंकवादियों को मार गिराया।
अन्य न्यूज़














