Odisha में भारी बारिश का कहर, नबरंगपुर में Red Alert और दो मंत्री ग्राउंड पर तैनात

Odisha में भारी बारिश का कहर, नबरंगपुर में Red Alert और दो मंत्री ग्राउंड पर तैनात
प्रतिरूप फोटो
AI-Generated

ओडिशा के कई हिस्सों में लगातार हो रही भारी बारिश के बाद दक्षिणी जिलों में बाढ़ और भूस्खलन का खतरा बढ़ गया है। हालात की समीक्षा और राहत कार्यों की निगरानी के लिए राज्य सरकार ने दो वरिष्ठ मंत्रियों को मौके पर भेजा है। मौसम विभाग ने नबरंगपुर जिले में 20 सेमी से अधिक बारिश का अनुमान जताते हुए रेड अलर्ट जारी किया है।

ओडिशा के कुछ हिस्सों में बृहस्पतिवार को भारी बारिश हुई। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। भारी बारिश की वजह से दक्षिण ओडिशा में बाढ़ और भूस्खलन की आशंका के मद्देजर राज्य सरकार ने हालात से निपटने के लिए किये गये प्रबंधों का जायजा लेने के लिए दो वरिष्ठ मंत्रियों को क्षेत्र में भेजा है।

भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने चेतावनी दी है कि बारिश की तीव्रता बढ़ सकती है। विभाग ने अगले दो दिनों तक बारिश जारी रहने का अनुमान जताया है। आईएमडी के सूत्रों के अनुसार राज्य में बृहस्पतिवार सुबह साढ़े आठ बजे तक पिछले 24 घंटे में औसतन 70 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई।

कोरापुट जिले के सेमिलीगुड़ा में सबसे अधिक 193.9 मिलीमीटर बारिश हुई। मौसम विभाग ने नबरंगपुर जिले के लिए ‘रेड अलर्ट’ जारी किया है और वहां 20 सेंटीमीटर से अधिक बारिश होने का अनुमान जताया है। विभाग ने छह अन्य जिलों बरगढ़, नुआपाड़ा, बलांगीर, कालाहांडी, कोरापुट और मलकानगिरि में अगले 24 घंटे के दौरान 12 से 20 सेंटीमीटर भारी बारिश होने की आशंका के मद्देनजर ‘ऑरेंज अलर्ट’ जारी किया गया है।

विभाग ने बालासोर, संबलपुर, झारसुगुड़ा, क्योंझर, मयूरभंज, सुबर्णपुर, बौध, कंधमाल और रायगढ़ जिलों के लिए ‘येलो अलर्ट’ जारी किया है। इन जिलों में सात से 11 सेंटीमीटर बारिश होने का अनुमान है। राजस्व एवं आपदा प्रबंधन मंत्री सुरेश पुजारी ने बताया कि स्थिति के मद्देनजर पंचायती राज एवं ग्रामीण विकास मंत्री रवींद्र नारायण नाइक को कोरापुट और मत्स्य एवं पशु संसाधन विकास मंत्री गोकुलानंद मल्लिक को गजपति जिले में निगरानी के लिए भेजा गया हैं।

पुजारी ने बताया कि सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने संवेदनशील क्षेत्रों के विधायकों से भी अपने-अपने विधानसभा क्षेत्रों का दौरा करने को कहा है। उन्होंने कहा, ‘‘हम स्थिति से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार हैं और विभिन्न स्थानों पर कर्मियों तथा मशीनों को तैनात किया गया है।’’ उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी के निर्देश पर प्रशासन का लक्ष्य यह सुनिश्चित करना है कि कोई जनहानि नहीं हो। मौसम विभाग ने कहा कि तटीय इलाकों में 70 किलोमीटर प्रति घंटे तक की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का अनुमान है और मछुआरों से शुक्रवार सुबह तक समुद्र में न जाने की अपील की गई है।

All the updates here:

अन्य न्यूज़